Top News

मऊ के विनय लाल ने लखनऊ वेटलिफ्टिंग में जीता स्वर्ण पदक

मऊ के विनय लाल ने लखनऊ वेटलिफ्टिंग में जीता स्वर्ण पदक

•करहां परिक्षेत्र के ओटनी गांव निवासी विनय लाल यादव

•बेस्ट वेटलिफ्टर का भी झटका खिताब, 10 दिनों में दूसरी बड़ी उपलब्धि

करहां (मऊ) : जिले के करहां परिक्षेत्र स्थित ओटनी गांव निवासी होनहार वेटलिफ्टर विनय लाल यादव ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए 10 दिनों के भीतर दूसरी बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पूर्वी जोन अंतर विश्वविद्यालय भारोत्तोलन प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के बाद अब उन्होंने लखनऊ वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में भी गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। शनिवार को केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता के 85 किलोग्राम पुरुष वर्ग में लखनऊ की ओर से प्रतिभाग करते हुए विनय ने शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक हासिल किया।

प्रतियोगिता में विनय ने स्नैच में 110 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 150 किलोग्राम भार उठाकर अपनी ताकत और तकनीकी दक्षता का शानदार प्रदर्शन किया। उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें प्रतियोगिता के प्रतिष्ठित 'बेस्ट वेटलिफ्टर अवार्ड' से भी नवाजा गया। लगातार दो बड़ी प्रतियोगिताओं में स्वर्णिम सफलता हासिल कर विनय ने न केवल अपने गांव-क्षेत्र बल्कि पूरे जनपद का मान बढ़ाया है।

विनय की इस दोहरी उपलब्धि पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। भाजपा नेत्री पूनम सरोज, ब्लाक प्रमुख रानू सिंह, शिक्षाविद स्वदेश कुमार सिंह, समाजसेवी विक्की वर्मा, महेंद्र यादव, ग्राम प्रधान प्रमोद यादव, बसंत कुमार सिंह, वीरेंद्र राजभर सहित अनेक गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post