Top News

अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने की सुख-समृद्धि हेतु कामना

अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने की सुख-समृद्धि हेतु कामना

करहां (मऊ) : आस्था, श्रद्धा और समर्पण के अनुपम संगम लोकपर्व छठ पर रविवार की शाम करहां परिक्षेत्र के विभिन्न गावों में भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सिर पर आस्था की डलिया, हाथों में पूजन सामग्री और हृदय में परिवार की मंगलकामना लिए व्रती महिलाओं ने जलाशयों के किनारे पहुंचकर अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को विधि-विधान से अर्घ्य अर्पित किया। डूबते सूर्य की लालिमा के बीच जल में खड़ी व्रती महिलाओं ने संतान की दीर्घायु, परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। छठ के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

बाबा घनश्याम साहब की तपोभूमि गुरादरी धाम स्थित पवित्र पाताल गंगा सरोवर पर श्रद्धालुओं का विशेष सैलाब उमड़ा। यहां सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली की भारी पुलिस फोर्स तैनात रही। इसके अलावा शमशाबाद कुटी, भदीड़, सद्धोपुर, मालव, देवरिया खुर्द, राजापुर, तिलसवा, हिंडोला, बरसवां, नेवादा, नगपुर, देवरिया बुजुर्ग, दपेहड़ी, दतौली, याकूबपुर, अरैला, भांटी और चेरुईडीह समेत विभिन्न गांवों के जलाशयों पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी।

अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही छठ व्रतियों की कठिन साधना का एक और पड़ाव पूरा हुआ। अब पूरी रात निर्जला उपवास रखकर व्रती महिलाएं सोमवार की भोर में उदीयमान सूर्य के दर्शन और अर्घ्यदान की प्रतीक्षा करेंगी। सुबह की पहली किरण के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर परिवार के कल्याण की कामना की जाएगी। इसी के साथ चार दिनों तक चलने वाले लोकआस्था, पवित्रता और तपस्या के महापर्व का विधिवत समापन होगा।







Post a Comment

Previous Post Next Post