तोमरवंशीय कुलदेवी का भव्य मंदिर तैयार, 9 से 11 फरवरी के मध्य होगी स्थापना
करहां (मऊ) : जिलान्तर्गत करहां परिक्षेत्र के सद्धोपुर गांव में तोमर वंशीय कुलदेवी चिलाय माता का भव्य मंदिर बनकर तैयार हो गया है। सोमपुरा स्थापत्य शैली में निर्मित खूबसूरत पत्थर का यह मंदिर मऊ सहित आजमगढ़ और बलिया जनपद के तोमर राजपूत समाज की आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा। गांव के सम्मानित नागरिक ओमप्रकाश सिंह एवं अचरज परिवार के सौजन्य से निर्मित मंदिर में माता की प्रतिमा स्थापना के लिए नौ से 11 फरवरी के मध्य तीन दिवसीय भव्य धार्मिक व सामाजिक आयोजन होगा। इस दौरान काशी के विद्वान आचार्यगण द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजन-अर्चन और प्राणप्रतिष्ठा संपन्न कराई जाएगी।
उल्लेखनीय है कि करहां परिक्षेत्र के 42 गांवों में तोमर राजपूत समाज की बड़ी आबादी निवास करती है। इसके साथ ही आजमगढ़ के धनछुला व बलिया के मनियर क्षेत्र में भी तोमर वंश के अनेक गांव स्थित हैं लेकिन अब तक क्षेत्र में कुलदेवी का कोई प्रमुख मंदिर नहीं था। वर्षों की पहल और सामूहिक प्रयासों के बाद सद्धोपुर निवासी भारतीय स्टेट बैंक रांची के सेवानिवृत्त क्षेत्रीय प्रबंधक ओमप्रकाश सिंह ने मंदिर निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराई। इसके बाद सोमपुरा शैली में पत्थर के भव्य मंदिर का निर्माण कराया गया। राजस्थान में माता की प्रतिमा तैयार कराई गई है। मंदिर के स्थापित होने से मऊ के अलावा आजमगढ़ के धनछुला क्षेत्र और बलिया के मनियर सहित विभिन्न क्षेत्रों में बसे तोमर वंशजों को अपनी कुलदेवी के दर्शन-पूजन के लिए एक प्रमुख धार्मिक स्थल मिलेगा।
मान्यता है कि संकट के समय मां चिलाय ने सफेद चील का रुप धारण कर तंवर वंश की रक्षा की थी। इसी मान्यता के चलते वे चिलाय माता के नाम से कुलदेवी के रुप में पूजी जाती हैं। हरियाणा के रेवाड़ी स्थित मायन बलवाड़ी धाम और राजस्थान के खुडाना शक्ति पीठ को माता के प्रमुख धार्मिक स्थलों में माना जाता है। सद्धोपुर में मंदिर निर्माण और प्रस्तावित प्राणप्रतिष्ठा महोत्सव को समाज की धार्मिक विरासत, वंशीय परंपरा और सांस्कृतिक एकजुटता से जोड़कर देखा जा रहा है। इससे नई पीढ़ी को भी अपनी कुलदेवी और पारंपरिक आस्था से जुड़ने का अवसर मिलेगा।





Post a Comment