Top News

एपीबीपी स्मृति बालिका एवं बाबा बहाल दास इंटर कालेज में पोस्टर व रंगोली द्वारा जागरुकता

बाबा बहाल दास इंटर कालेज व एपीबीपी स्मृति इंटर कालेज में पोस्टर व रंगोली द्वारा जागरुकता

विद्यार्थियों ने रचनात्मक प्रस्तुतियों से ग्रीन दिवाली व पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

करहां (मऊ) : दीपावली पर ग्रीन पटाखों व पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से समाचारीय अभियान 'रोशनी भी, जिम्मेदारी भी' की शुरुआत सोमवार को विद्यार्थियों की रचनात्मक पहल के साथ हुई। बाबा बहाल दास इंटर कालेज, करहां की छात्राओं ने आकर्षक रंगोली बनाकर हरित दीपावली, प्रदूषण रहित दीपावली व पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं एपीबीपी स्मृति बालिका इंटर कालेज, सुरहुरपुर के विद्यार्थियों ने पोस्टर निर्माण के माध्यम से पटाखों से होने वाले प्रदूषण के प्रति लोगों को जागरूक किया। अभियान का उद्देश्य त्योहार की खुशियों के साथ प्रकृति संरक्षण और सामाजिक सरोकारों को भी प्राथमिकता देना रहा।

एपीबीबीपी स्मृति बालिका इंटर कालेज की प्रधानाचार्या रेनूलता पाठक ने कहा कि दीपावली खुशियों का त्योहार है। इसे पर्यावरण और स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाए बिना मनाने की जरूरत है। पटाखों से निकलने वाला धुआं और तेज आवाज बच्चों, बुजुर्गों तथा बीमार लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं। इसलिए त्योहार की खुशियों के साथ स्वच्छ हवा और सुरक्षित वातावरण का भी ध्यान रखना चाहिए। बाबा बहाल दास इंटर कालेज के प्रधानाचार्य इंद्रजीत मौर्य ने कहा कि बच्चों के माध्यम से समाज में पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। ग्रीन पटाखों को लेकर भी लोगों में सही जानकारी और जागरूकता जरुरी है, क्योंकि ये पूरी तरह प्रदूषण रहित नहीं होते, बल्कि पारंपरिक पटाखों की तुलना में कम प्रदूषण फैलाने के उद्देश्य से तैयार किए जाते हैं। ऐसे में पटाखों के इस्तेमाल में सावधानी और सीमित उत्सव की प्रवृत्ति अपनानी चाहिए।

पोस्टर निर्माण में अभिषेक कुमार, आदर्श श्रीवास्तव, अदिति त्रिपाठी, नंदिनी चौहान, दीक्षा चौहान और सृष्टि विश्वकर्मा ने प्रतिभाग किया। वहीं रंगोली निर्माण में दुर्गा चौहान, अंशिका चौहान, दीक्षा मौर्या, तन्नु चौहान, श्वेता चौहान, खुशी चौहान, रिंकी चौहान, प्रिया चौहान, शिवांगी पांडेय, गौरी गोंड़, प्रियंका यादव, कलश गोंड़, प्रीति चौहान और अमृता राव आदि ने अपनी प्रतिभा दिखाई। इस अवसर पर चंदन उपाध्याय, संगीता मौर्या, विशाल गुप्ता, बृजेश यादव, साक्षी पाठक, प्रतिभा विश्वकर्मा, धर्मदेव यादव, कमलेश मौर्य, अभिषेक यादव, अखिलेश यादव, रामसमुझ यादव, धर्मेंद्र तिवारी, शैलेश राय आदि शिक्षकगण उपस्थित थे।



Post a Comment

Previous Post Next Post