विदाई व स्वागत समारोह में नवाजे गये पशु चिकित्साधिकारी व पशु चिकित्सक
करहाँ (मऊ) : जिला मुख्यालय स्थित गृहस्थ प्लाजा में पशुपालन विभाग मऊ के सौजन्य से शुक्रवार की शाम पशु चिकित्साधिकारियो एवं पशु चिकित्सकों का विदाई एवं स्वागत समारोह का आयोजित हुआ। इसमें विदा व सेवानिवृत्त हो रहे लोंगो को भावपूर्ण विदाई दी गयी, वहीं जनपद में आये हुये नवागत लोंगो का उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में आजमगढ़ मंडल के सेवानिवृत अपर निदेशक डाक्टर शिव कुमार को सेवानिवृत्त होने पर भव्य विदाई दी गयी। उन्हें विभाग के अधिकारियों एवं चिकित्सकों द्वारा अंगवस्त्रम, स्मृतिचिन्ह, धार्मिक ग्रंथ, माला-फूल व बुके भेंट किया गया। आगंतुक आजमगढ़ मंडल के अपर निदेशक अरविन्द कुमार गिरि का विभाग द्वारा भव्य अभिनंदन किया गया। साथ ही करहाँ के पशु चिकित्साधिकारी व मुहम्मदाबाद गोहना के प्रभारी उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी रहे डाक्टर अमित कुमार सिंह का स्थानांतरण पशु चिकित्सा अधिकारी लार एवं प्रभारी उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सलेमपुर देवरिया में हुआ है। उन्हें भी अंगवस्त्र, स्मृतिचिन्ह, माला-फूल व बुके भेंट किया गया। आगंतुक पशु चिकित्साधिकारी सूरजपुर डाक्टर रजनीकांत निगम, पशु चिकित्साधिकारी मठ मुहमदपुर डाक्टर मनोज यादव का विभिन्न उपहार व स्वागत सामग्री प्रदान कर अभिनंदन किया गया।
विदा किये गये पशु चिकित्साधिकारियों ने यादगार विदाई के लिए विभाग का धन्यवाद ज्ञापित किया एवं नवागत चिकित्सकों ने विभाग से सहयोग की अपेक्षा की। डाक्टर शिवकुमार ने जहां अपने सेवाकाल की विभिन्न स्मृतियों की चर्चा की वहीं अपने अनुभव साझा किये। डाक्टर अमित कुमार सिंह ने जनपद के समस्त स्टाफ व पशुपालकों का आभार प्रकट करते हुए विदा लिया।
कार्यक्रम का संचालन पशु चिकित्साधिकारी डाक्टर आर.पी. सिंह व अध्यक्षता मुख्य पशु चिकित्साधिकारी मऊ डाक्टर नवीन कुमार ने किया। इस अवसर पर डाक्टर कमल, डाक्टर आर.के. निगम, डाक्टर मनोज कुमार, डाक्टर सी.सी.एस. यादव, डाक्टर राजेश यादव, राजेश उपाध्याय, डी.के. गौड़ सहित दर्जनों स्टाफ उपस्थित रहे।
Post a Comment