मृदा परीक्षण कर जैविक खेती की तरफ बढ़े किसान : डॉ. वी. मंगेश्वरन
करहाँ (मऊ) : जिले के किसान भाई किसान मृदा परीक्षण किट से अपनी कृषिभूमि का परीक्षण करें तथा उसके अनुसार जैविक खेती की तरफ अग्रसर हों। रासायनिक खेती से जहाँ प्रकृति व जीव जगत को नुकसान हो रहा है, वहीं मिट्टी की उर्वरा शक्ति क्षीण हो रही है।
उक्त उद्गार कुशमौर स्थित एनबीएआईएम व आईसीएआर के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉक्टर वी. मंगेश्वरन ने व्यक्त किया। व स्थानीय तहसील स्थित करहाँ परिक्षेत्र के दरौरा गाँव में आयोजित किसान जागरूकता कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने जैविक व प्राकृतिक खेती के उपयोग करने की सलाह दी तथा रासायनिक खादों के बढ़ते दुष्प्रभावों के प्रति चेताया।
एनबीएआईएम कुशमौर के प्रधान वैज्ञानिक डाक्टर हर्षवर्धन सिंह ने बीज, फसल अवशेष प्रबंधन व जैविक खेती के लाभ पर बल दिया। उन्होंने किसानों से कहा कि फसल उगाने के साथ-साथ बीज संग्रहण व संरक्षण करना सीखें। इससे उन्हें बार-बार बुवाई के समय महंगे दामों पर बीज खरीदने के लिये लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। यह कार्यक्रम दपेहड़ी फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी के तत्वाधान में आयोजित किया गया था, जिससे संबंधित महिला-पुरुष 325 किसानों को फ्री सरसो, चना, प्याज के बीज सहित कृषि उपयोगी उपकरण प्रदान किये गये। साथ ही उक्त किसानों को जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए सम्मानित भी किया गया।
पिलखी कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिक डाक्टर जितेंद्र कुशवाहा ने पराली के बेहतर उपयोग की विधि बताई तो सहायक खंड विकास अधिकारी कृषि मुहम्मदाबाद गोहना संतोष कुमार मिश्रा ने पराली जलाने को दंडनीय अपराध बताया। कहा कि क्षेत्र के किसान ब्लॉक में आकर गेंहू का बीज सरकारी छूट के साथ ले सकते हैं।
कार्यक्रम में फरीदपुर, चकबरबोझी, मालव, मंडूसरा, अरैला, दतौली, शमशाबाद, चकज़ाफ़री, दरौरा, तिलसवां, दपेहड़ी, चकसहजा आदि गांवों के 325 किसानों को सरसों, चना, प्याज के बीज सहित सिचाई हेतु लपेटा पाइप व जैविक खाद का मुफ्त वितरण किया गया। उद्यान व खाद्य प्रसंस्करण विभाग से चंद्रभान राम व मृदा परीक्षण विशेषज्ञा अनुप्रिया यादव ने किसानों को जैविक व प्रगतिशील कृषि के लिये प्रशिक्षित किया। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन, स्वागत व आभार प्रदर्शन एफपीओ संचालक चंद्रपाल चौहान ने किया।
इस दौरान सहयोगी किसान संजय कुमार, कलावती चौहान, हरमती देवी, शिवमूरत प्रसाद, दासी देवी, विकास सरोज, कमला चौहान, शैलेश चौहान, पुष्पा देवी, नाथू यादव, भानुमति देवी, जयश्रीराम, बिंदू देवी सहित रानीपुर व मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के लगभग 400 किसान मौजूद रहे।








Post a Comment