Top News

शारदा संगोष्ठी व वार्षिकोत्सव में पुरस्कृत हुये स्कूल टापर

शारदा संगोष्ठी व वार्षिकोत्सव में पुरस्कृत हुये स्कूल टापर

●कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय सुरहुरपुर में पुस्तकालय व वाचनालय का हुआ उद्घाटन

●परिषदीय विद्यालयों में निजी विद्यालयों से अच्छी सुविधा : बीईओ श्वेता मौर्या

करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय सुरहुरपुर व इको क्लब के तत्वाधान में गुरुवार को शारदा संगोष्ठी व भव्य वार्षिकोत्सव कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। इसकी मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी श्वेता मौर्या ने जहां विद्यालय परिसर में पुस्तकालय व वाचनालय का फीता काटकर उद्घाटन किया, वहीं 17 नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत कर तीन स्कूल टापर विद्यार्थियों को मेडल व प्रमाणपत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सभाध्यक्ष प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्णानंद राय व मुख्य अतिथि श्वेता मौर्या ने सरस्वती प्रतिमा पर पूजन-अर्चन, माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

इसके बाद बच्चों ने सरस्वती वंदना, स्वागत नृत्य, समूह नृत्य, स्कूल चलो नृत्य, अंग्रेजी व हिंदी भाषण, देशभक्ति गीत, किसान गीत व रुद्र पाठक के शिव तांडव की अद्भुत मनोहारी प्रस्तुतियों से शमां बांध दिया।

मुख्य अतिथि बीईओ श्वेता मौर्या ने अपने उद्बोधन में सुरहुरपुर प्राथमिक विद्यालय के परिसर, पठन-पाठन, इको क्लब के प्रयासों व सांस्कृतिक प्रस्तुतितों की सराहना की। कहा कि नये सत्र के मात्र तीन दिनों में 17 नये प्रवेश इस विद्यालय का स्तर स्वयं बयान करते हैं। बताया कि इस समय काया कल्प, मिडडे मील, योग्यता परीक्षा, छात्रवृत्ति व डीबीटी योजना जैसी परिषदीय विद्यालयों में निजी विद्यालयों से ज्यादा व अच्छी सुविधाएं मुहैया करायी जा रही हैं। इसलिए अभिभावकगण 6 वर्ष की उम्र पूर्ण कर चुके विद्यार्थियों का प्रवेश इस विद्यालय में शीघ्र करायें।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कृष्णानंद राय ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों के शैक्षिक स्तर में मऊ जनपद अग्रणी है। अब बच्चों व अभिभावकों को यह तय करना है कि वे परिषदीय विद्यालयों का लाभ कैसे ले रहे हैं।

कार्यक्रम में बच्चों के लिये पुस्तकालय व वाचनालय का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि ने आंगनवाड़ी व बाल वाटिका के स्टाल का निरीक्षण किया।

साथ ही वार्षिक परीक्षा के प्रथम तीन टापर मेधावी विद्यार्थियों अन्नू यादव, अभय यादव व नैना चौहान को मेडल व प्रमाणपत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। विद्यालय द्वारा आगत गणमान्य अतिथियों का बैज, माल्यार्पण, बुके व स्मृतिचिन्ह प्रदान कर स्वागत किया गया।

स्वागत व धन्यवाद ज्ञापन प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लाक अध्यक्ष व विद्यालय के प्रधानाध्यापक शशिभूषण राय व मंच संचालन राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक रामनिवास मौर्य ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता संजय तिवारी, एसआरजी संजय तिवारी, पूर्व ग्रामप्रधान सुरजीत राय, प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्रवण कुमार यादव, एआरपी पवन कुमार गुप्ता, प्रवीण कुमार राय, धनंजय सिंह, स्वतंत्र श्रीवास्तव, सुनीता पांडेय, दीपिका त्रिपाठी सहित सैकड़ों अभिभावक व विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post