सेवा दिवस के रुप में हिंदू युवा वाहिनी मनायेगा योगी आदित्यनाथ का जन्मदिवस
करहां (मऊ) : हिंदू युवा वाहिनी आजमगढ़ मंडल की एक आवश्यक बैठक प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर राकेश राय के आवास पर हुई। इसमें आगामी 05 जून को पड़ने वाले संगठन के मुख्य संरक्षक व प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्मदिवस सेवा दिवस के रुप में धूमधाम से मनाने को लेकर चर्चा हुई।
डॉक्टर राकेश राय ने कहा कि योगीजी हम सभी के अभिभावक व प्रदेश के मुखिया के रुप में दिन रात निरंतर प्रदेश के जनता-जनार्दन की सेवा में लगे हैं। इसलिए हम सभी का दायित्व बनता है कि हम सभी भी उनके जन्मदिवस को धार्मिक, सामाजिक सेवा और प्रकृति के संरक्षण को समर्पित करें। संगठन के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता अभी से तैयारियों में लग जाएं एवं अपने-अपने क्षेत्र व मुख्यालय पर धूमधाम से योगीजी का जन्मदिन मनाकर एक सकारात्मक भावना प्रकट करें।
इस दौरान अमित राणा ने बताया कि 05 जून को सर्वप्रथम मुहम्मदाबाद गोहना शहीद चौराहे पर स्थित शिव मंदिर पर हनुमान चालीसा का पाठ किया जायेगा। इसके बाद रोडवेज सहित जनपद के विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण, वृद्धाश्रम व अस्पतालों में फल वितरण तथा सार्वजनिक स्थलों पर भंडारे का आयोजन किया जायेगा। इस अवसर पर नंदू सोनकर, मनोज, ओम आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment