पिकअप से कुचलकर बावर्ची युवक की मौत
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के टड़वा में शुक्रवार अलसुबह वैवाहिक समारोह से खाना बनाकर साथियों सहित लौटते समय एक तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से कुचलकर 38 वर्षीय बावर्ची युवक की मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण हेतु भेजवाया।
शुक्रवार की भोर में ढाई बजे के करीब पड़ोसी आजमगढ़ जनपद के जहानागंज थानांतर्गत बरहतिल जगदीशपुर निवासी चंदन कश्यप अपने अन्य साथियों बबलू, मुन्ना और किरन देवी के साथ आटो से घर लौट रहा था। मुहम्मदाबाद गोहना करहां मार्ग पर टड़वा चौबेपुर स्थित गैस एजेंसी के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप से टक्कर हो गयी। चूंकि चंदन किनारे बैठा था, इसलिए टक्कर से गिरकर पिकअप से बुरी तरह कुचल गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। सूचना पाकर पुलिस ने क्षत-विक्षत शव का पंचनामा बनाकर जिला अस्पताल भेजवाया।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी रविंद्रनाथ राय ने बताया कि दुर्घटना में अन्य साथी मामूली रुप से घायल हुए हैं। मृतक का शव पोस्टमार्टम को भेंजा गया है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।

Post a Comment