देवलास के भूमिपूजन में स्व. प्रहलाद को दी गयी श्रद्धांजलि
•एकलिंग भगवान की प्रतिमा सहित बनेगा हॉल व चबूतरा
•देवलास के सभी समाज के मंदिरों का होगा जीर्णोद्धार : स्वदेश कुमार सिंह
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील के प्रख्यात धार्मिक, पौराणिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक व सामाजिक स्थल देवलास की पुण्य भूमि पर महाराणा प्रताप की चेतक पर सवार कांस्य प्रतिमा लगाने हेतु भव्य भूमिपूजन किया गया। साथ ही सिसोदिया संघ व अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के संरक्षक व डीसीएसके पीजी कॉलेज मऊ के प्रथम अध्यक्ष रहे स्वर्गीय प्रहलाद सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिए श्रद्धाजंलि सभा का आयोजन किया गया। सिसोदिया संघ के पदाधिकारियों व सदस्यों सहित आमजन ने उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला।
यज्ञाचार्य इटौरा चौबेपुर निवासी डॉक्टर वागीश दत्त चतुर्वेदी के वैदिक मंत्रों के मध्य भदीड़ गांव के मूल निवासी इटावा में आईपीएस अधिकारी अनिल सिंह सिसोदिया, जिम्स ग्रेटर नोएडा संस्थान के सीईओ स्वदेश कुमार सिंह रौशन, कैलिफोर्निया में कार्यरत रवि सिंह, सिसोदिया संघ के अध्यक्ष आरपी सिंह व महामंत्री भीष्मदेव सिंह ने अपने हाथों से भूमिपूजन कर ईंट रखा। भूमिपूजन के बाद सिसोदिया संघ के संरक्षक रहे हाल ही में दिवंगत हुए स्वर्गीय प्रहलाद सिंह की श्रद्धांजलि सभा में उन्हें नम आंखों से याद किया गया।
इसमें बोलते हुए अनिल सिंह सिसोदिया ने कहा कि बाबू प्रहलाद सिंह का जाना हमारे समाज व जिले के लिए बहुत बड़ी क्षति है। वह एक बहुत मजबूत मार्गदर्शक व समाज के प्रहरी थे। महामंत्री भीष्मदेव सिंह ने कहा कि आज पूरा जिला उनके जाने से मर्माहत है। उनका जाना मेरे लिए तो व्यक्तिगत क्षति है। वह हमारे समाज के लिए दाहिना हाथ थे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उमाशंकर सिंह दाढ़ी ने कहा कि प्रहलाद सिंह बहुमुखी प्रतिभा के धनी एक विराट पुरुष व संत हृदय थे। उनका सामाजिक, धार्मिक, राजनैतिक व योग, ध्यान, प्राणायाम, संकीर्तन आदि में महनीय योगदान अतुलनीय है।
भदीड़ गांव निवासी व ग्रेटर नोएडा में जिम्स संस्थान के सीईओ स्वदेश कुमार सिंह रौशन ने बताया कि यूपी सरकार व संस्कृति मंत्रालय की तरफ से यहां के स्मारक स्थल पर महाराणा प्रताप की कांस्य प्रतिमा लगनी है। इसके लिए यहां जल्दी ही एक बैठक हॉल व चबूतरे का निर्माण कराया जाएगा। उसी चबूतरे पर प्रतिमा स्थापित की जायेगी। इसी के साथ सिसोदिया वंश के कुलदेवता शिवजी के एक अंग एकलिंग भगवान की चौमुखी प्रतिमा की भी स्थापना की जायेगी। हम सबके प्रयासों से देवलास स्थित सभी समाज के पुराने मंदिरों का जीर्णोद्धार कार्य भी कराया जायेगा ताकि यहां की पुरातन विरासत की विहंगम परंपरा कायम रहे।
अंत में सबने मिलकर समवेत रुप में शांतिपाठ करके उनके स्व. प्रहलाद सिंह के चरणों में नमन किया एवं दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की। इस मौके पर वरिष्ठ व सम्मानित नागरिक विजय शंकर पांडेय, पूर्व शिक्षक अशोक सिंह, वरिष्ठ नागरिक कृपानारायण सिंह, पूर्व प्रधान बारा सुनील सिंह, सिसोदिया संघ के संयुक्त सचिव व पूर्व ग्रामप्रधान बरबोझी चन्द्रविजय सिंह बबलू, स्नातक एमएलसी प्रतिनिधि राघवेंद्र सिंह माखन, भाजपा पदाधिकारी गोपाल सिंह, ग्रामप्रधान भदीड़ अभिषेक सिंह टिंकू, देवकली देवलास ग्राम प्रधान अभिषेक यादव, गालिबपुर ग्रामप्रधान भीम कुमार टंडन, याकूबपुर ग्राम प्रधान ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ड्यूक, जगदम्बा सिंह, मोहम्मद आरिफ, स्व. प्रहलाद सिंह के पुत्र अभय सिंह, भतीजे आर्यन सिंह सिसोदिया, अभिषेक सिंह, अरविंद सिंह, रमेश सिंह, रमाकांत सिंह आदि अनेक गणमान्य लोग व सैकड़ों स्नेही-स्वजन मौजूद रहे।



Post a Comment