सावन की फुहारों से मौसम हुआ सुहाना, धान की फसलें लहलहाई
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के करहां परिक्षेत्र में बुधवार की रात से रुक-रुक कर हल्की बारिश हो रही है। सावन की फुहारों से जहां मौसम काफी सुहावना हो गया है, वहीं उमस और गर्मी से भी राहत मिली है। साथ ही धान की रोपी जा चुकी फसलें भी लहलहा उठी है।
मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के सहायक खंड विकास अधिकारी कृषि संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि यदि इस तरह का मौसम कुछ दिनों तक बना रहे तो यह धान की फसलों के लिए बहुत लाभकारी होगा। जो किसान अभी धान की रोपाई नहीं कर पाये हैं, वह इस सप्ताह अवश्य कर लें। यह श्रावणी फुहारें सीधें नत्रजन खाद का काम करती हैं। इससे सभी पेड़-पौधे व खरीफ की फसलें मुस्करा उठती हैं। उन्होंने बताया कि इस तरह का मौसम पौधरोपण की दृष्टि से भी बहुत उपयोगी होता है। अतः पौधरोपण अभियान में लगे लोग पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण में सहयोग प्रदान करें।


Post a Comment