पूर्व प्रधानाचार्य ने अपने जन्मदिन पर कालेज परिसर में किया 11 फलदार पौधों का रोपण
कॉलेज के पुस्तकालय को समृद्ध बनाने हेतु दिया 51 हजार की राशि
शुभकामनाएं प्राप्त कर सभी शिक्षकों व कर्मचारियों को किया सम्मानित
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे के सुप्रसिद्ध टाउन इंटर कॉलेज के हाल में शनिवार को यहां के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य हरिश्चन्द्र दूबे का 79वां जन्मदिवस धूमधाम से मनाया गया। उन्होंने सहयोगियों संग मिलकर कालेज परिसर में जहां 11 फलदार पौधों का रोपण किया, वहीं विद्यालय में पुस्तकालय हेतु 51 हजार की अनुग्रह राशि प्रदान की। उपस्थित गणमान्य अतिथियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने जहां उन्हें तिलक-चंदन, माल्यार्पण व उपहार प्रदान कर जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं, वहीं श्रीदूबे ने सबको अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सभा की अध्यक्षता कर रहे विद्यालय के प्रबंधक डाक्टर फूलचंद ब्रह्मचारी, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य हरिश्चन्द्र दूबे व वर्तमान प्रधानाचार्य डाक्टर रवींद्रनाथ यादव ने सरस्वती माता के चित्र पर पूजन-अर्चन व माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलन करते हुए किया। विद्यालय की छात्राओं रुचि, शगुन, आकांक्षा, शगुन, संजना आदि ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। वैदिक ब्राह्मण अभिनव तिवारी, प्रभांशु पांडेय व राकेश ओझा ने स्वस्तिवाचन व मंगलाचरण के बीच पूर्व प्रधानाचार्य का तिलक-चंदन, पुष्पार्चन-माल्यार्पण कर जन्मोत्सव मनाया। इसके बाद सबने क्रम से अपनी शुभकामनाएं प्रदान करते हुए उपहार भेंट किया एवं गुरुजी से अंगवस्त्र के रुप मे आशीर्वाद प्राप्त किया।
हरिश्चन्द्र दूबे ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थी किताबों से विमुख हो रहे हैं। किताबें ही विद्यार्थी का प्रमुख हथियार है। दरअसल किताबों का कोई दूसरा इससे बढ़िया विकल्प नहीं है। किताबों जैसी प्रमाणिकता व ज्ञान की विश्वसनीयता अन्य साधनों में नहीं है। इसलिए इस समय के बच्चों को किताबों से जोड़ने के लिए पुस्तकालय को समृद्ध करने हेतु छोटी सी राशि प्रदान की गई है। आगे अन्य शिष्यों के सहयोग से यहां डिजिटल लाइब्रेरी भी बनाई जाएगी।
अध्यक्षीय उद्बोधन डाक्टर फूलचंद ब्रह्मचारी ने हरिश्चन्द्र दूबे के कार्यकाल की सराहना की। कहा कि आज के शिक्षकों को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। वर्तमान प्रधानाचार्य डाक्टर रवींद्रनाथ यादव ने श्रीदूबे के सेवाकाल की प्रमुख उपलब्धियों का बखान किया। कहा कि यहीं की धूल मिट्टी में पढ़ने और पढ़ाने का उन्हें जो अवसर मिला उसका उन्होंने बखूबी निर्वहन किया। कहा कि श्रीदूबे बच्चों के हृदय पर शासन करते थे। यह आज भी उनके शिष्यों के आचरण व व्यवहार से झलकता है।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन तारकेश्वर सिंह अजीत व आभार प्रदर्शन संजीव द्विवेदी ने किया। इस मौके पर डीएवी इंटर कॉलेज मऊ के प्रधानाचार्य देवभाष्कर तिवारी, आरके ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के चेयरमैन डाक्टर प्रेमप्रकाश यादव, माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष जयनारायन द्विवेदी, पूर्व प्रधानाचार्य डाक्टर दिवाकर राय शर्मा, डीएवी के शिक्षक ऋषिकेश पांडेय, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष अवनीश कुमार सिंह, सेवानिवृत्त शिक्षक काशीनाथ द्विवेदी व लालचंद तिवारी, चिकित्सक डाक्टर यूपी द्विवेदी, शिक्षक श्यामचरण यादव, अधिवक्ता संजीव द्विवेदी, जनार्दन शर्मा, भूपेंद्र सिंह, श्याम चौबे, रितिक सिंह, संतोष सिंह, चंद्रकांत तिवारी, अभिमन्यु दूबे, रामप्रताप सिंह, प्रवीण पाठक समेत सैकड़ों गणमान्य अतिथि एवं विद्यार्थीगण मौजूद रहे।









Post a Comment