Top News

संयुक्त सचिव ने विभिन्न गणमान्यों सहित शिक्षकों को किया सम्मानित

संयुक्त सचिव ने विभिन्न गणमान्यों सहित शिक्षकों को किया सम्मानित

◆प्राथमिक शिक्षक व शिक्षा बेहद महत्वपूर्ण : वेदप्रकाश राय

◆कंपोजिट विद्यालय टड़वा चौबेपुर में 26 शिक्षकों को मिला सम्मान

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक अंतर्गत कंपोजिट विद्यालय टड़वा चौबेपुर में शनिवार को आयोजित अभिभावक संवाद व सम्मान समारोह में बेसिक शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव वेदप्रकाश राय मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने चिकित्सा, समाजसेवा, पत्रकारिता, राजनीति और संगठनात्मक कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों को विशेष रुप से सम्मानित किया, जबकि बेसिक शिक्षा में अनुकरणीय कार्य करने वाले 26 शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर उनका मनोबल बढ़ाया।

कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजन, दीप प्रज्वलन और स्वागत नृत्य से हुई। विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। प्रभारी प्रधानाध्यापक हरिलाल यादव और जिले के एसआरजी संजय कुमार तिवारी ने अतिथियों का अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और स्मृतिचिह्न भेंट कर स्वागत किया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि ने शिक्षण-अधिगम सामग्रियों टीएलएम की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उसके कार्यो के विषय में जाना।

अपने उद्बोधन में संयुक्त सचिव वेदप्रकाश राय ने कहा कि शिक्षा जीवन का सबसे सशक्त माध्यम है, और प्राथमिक शिक्षा उसकी नींव है। छोटे बच्चों को पढ़ाना सबसे कठिन लेकिन सबसे सार्थक कार्य है। शिक्षक ही समाज के भविष्य को आकार देता है। प्राथमिक शिक्षक व शिक्षा मनुष्य के जीवन का बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा है। दरअसल मनुष्य होना सौभाग्य की बात है, पर शिक्षक होना परम सौभाग्य अर्थात अहोभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से बेसिक शिक्षा विभाग निकट भविष्य में नई ऊँचाइयों को छुएगा। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को अपनाने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि के रुप में उपस्थित उत्तर प्रदेश बालीवाल एसोसिएशन के संयुक्त सचिव प्रमोद कुमार राय ने कहा कि किशोरावस्था बच्चों के जीवन का संवेदनशील दौर होता है। अभिभावकों को अपने बच्चों के व्यवहार और दिशा पर विशेष ध्यान देना चाहिए ताकि वे मर्यादा और अनुशासन की राह पर बने रहें।

इस अवसर पर मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे के प्रख्यात चिकित्सक डॉ. अफ्फान अहमद, शिक्षक डॉ. रामविलास भारती, शिक्षक नेता कृष्णानंद राय, डॉ. डायट प्रवक्ता डाक्टर संदीप राय, बीईओ ओमप्रकाश तिवारी, समाजसेवी आनंद सिंह रैकवार व सत्यमित्र सिंह तथा पत्रकार कुँवर अजीत प्रताप सिंह को अपने-अपने क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन जिले के एसआरजी अरविंद पांडेय ने किया और धन्यवाद ज्ञापन प्रभारी प्रधानाध्यापक हरिलाल यादव ने दिया। इस दौरान एआरपी पवन गुप्ता, शमीम अंसारी, रंजीत राय, धनंजय सिंह, प्रतिमा राय, स्वतंत्र श्रीवास्तव, मंजू चौरसिया, अखिलानंद द्विवेदी, अनीता मोदनवाल, शगुफ्ता परवीन, शहनाज बानो, फहद अहमद, शिवदान चौहान, रामसहाय, प्रेमशंकर तिवारी, नीलिमा यादव, विमला सिंह सहित अनेक शिक्षक, अभिभावक, ग्रामीण व बच्चे मौजूद रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post