संयुक्त सचिव ने 26 शिक्षकों को किया सम्मानित
•कंपोजिट विद्यालय टड़वा चौबेपुर में आयोजित हुआ अभिभावक संवाद व सम्मान समारोह
•मनुष्य होना सौभाग्य और शिक्षक होना अहोभाग्य : वेदप्रकाश राय
करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के कंपोजिट विद्यालय टड़वा चौबेपुर में शनिवार को अभिभावक संवाद व एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रुप में शामिल बेसिक शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव वेदप्रकाश राय ने चिकित्सा, समाजसेवा, राजनीति, पत्रकारिता व संगठन शक्ति के रुप में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोंगो को जहां विशेष रुप से सम्मानित किया, वहीं बेसिक शिक्षा में लगातार बेहतरीन कार्य करने के लिए 26 शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रमाणपत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती माता के चित्र पर पूजन-अर्चन, माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना व स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। प्रभारी प्रधानाध्यापक हरिलाल यादव एवं एसआरजी संजय कुमार तिवारी ने आगत गणमान्य अतिथियों का माला-फूल, पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र व स्मृतिचिन्ह प्रदान कर स्वागत अभिनंदन किया। इस दौरान मुख्य अतिथि ने विभिन्न शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा लगाए गए स्टाल पर शिक्षण अधिगम सामग्रियों अर्थात टीएलएम का अवलोकन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वेदप्रकाश राय ने कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे महत्वपूर्ण विधा एवं वर्तमान समय का सबसे बड़ा हथियार है। इसमें भी सबसे महत्वपूर्ण प्राथमिक शिक्षा को माना जाता है। क्योंकि बड़े बच्चों को पढ़ाना आसान है, किंतु छोटे बच्चों को पढ़ाना कठिन हैं। नन्हे नौनिहाल कच्ची मिट्टी के समान हैं। एक प्राथमिक शिक्षक ही उन्हें गढ़ता, बनाता, पकाता और नया आकार देता है। कहा कि इस जगत में मनुष्य होना सौभाग्य की बात है, लेकिन शिक्षक होना परम सौभाग्य अर्थात अहोभाग्य की बात है। संयुक्त सचिव ने विश्वास दिलाया कि हम सबके प्रयासों से बेसिक शिक्षा विभाग आने वाले समय में उल्लेखनीय मुकाम हासिल करेगा। उन्होंने अभिभावकों से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि के रुप में मौजूद उत्तर प्रदेश बालीवाल एसोसिएशन के संयुक्त सचिव प्रमोद कुमार राय ने अभिभावकों से कहा कि किशोरावस्था में दिग्भ्रमण एक बड़ी समस्या है। उन्हें उसपर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। अभिभावकों को अपने बेटे को विशेष रुप से संभालना है। इस विषय पर लड़कियों का भी विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है। बच्चों को भी मर्यादा और सीमा का उल्लघन नहीं करना चाहिए। इसके लांघने से हमारा जीवन संकट में पड़ सकता है।
कार्यक्रम में मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे के मशहूर चिकित्सक डाक्टर अफ्फान अहमद, प्रसिद्ध शिक्षक व पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष डाक्टर रामविलास भारती, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष कृष्णानंद राय, डायट प्रवक्ता डाक्टर संदीप राय, खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी, समाजसेवी आनंद सिंह रैकवार व सत्यमित्र सिंह, पत्रकार अजीत प्रताप सिंह को विशेष रुप से माला-फूल, अंगवस्त्र व स्मृतिचिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
संचालन जिले के एसआरजी अरविंद पांडेय व धन्यवाद ज्ञापन हरिलाल यादव ने किया। इस अवसर पर एआरपी पवन कुमार गुप्ता, शमीम अंसारी, रंजीत राय, धनंजय सिंह, प्रतिमा राय, स्वतंत्र कुमार श्रीवास्तव, मंजू चौरसिया, अखिलानंद द्विवेदी, अनीता मोदनवाल, शगुफ्ता परवीन, शहनाज बानो, फहद अहमद, शिवदान चौहान सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं, ग्रामीण स्त्री-पुरुष व विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।









Post a Comment