सच्ची मित्रता स्वार्थ नहीं बल्कि प्रेम से चलती है : डाक्टर राकेश शास्त्री
•बजरंगनगर हलीमाबाद में चल रही भागवत कथा का सातवां दिन
•श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह, सुदामा चरित और परीक्षित मोह की कथा से भावविह्वल हुए श्रोता
•शुक्रवार पुर्णाहुति में मिलेगा स्वामी ज्ञानानंद सरस्वती का पावन सानिध्य
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के बजरंगनगर हलीमाबाद में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के सातवें दिन गुरुवार को कथावाचक भागवत भूषण डाक्टर राकेश शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह, सुदामा चरित व परीक्षित मोह की कथा सुनकर श्रोताओं को भावविह्वल कर दिया। सुदामा-कृष्ण के प्रसंग में बताया कि सच्ची मित्रता में स्वार्थ नहीं होता, केवल प्रेम और करुणा होती है। इसलिए हमें अपने मित्र के प्रेम व करुणा हेतु त्याग करने की आवश्यकता है।
डाक्टर शास्त्री ने बताया कि रुक्मिणी का श्रीकृष्ण के प्रति अटूट विश्वास यह प्रेरणा देता है कि सच्ची श्रद्धा और दृढ़ संकल्प से हर असंभव कार्य संभव हो जाता है। सुदामा और श्रीकृष्ण की मित्रता का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान का प्रेम केवल भक्ति और निष्कपटता से मिलता है, गरीबी या वैभव से नहीं। यह कथा मानव जीवन को सिखाती है कि सच्ची मित्रता में स्वार्थ नहीं होता, केवल प्रेम और करुणा होती है। परीक्षित मोह के कथा प्रसंग में संदेश दिया कि जीवन क्षणभंगुर है, इसलिए मनुष्य को मोह-माया में उलझने के बजाय ईश्वर के नाम में रत रहना चाहिए। मोह त्यागकर भक्ति को अपनाने से ही जीवन सफल होता है।
कथा मंच का कुशल मंच संचालन अधिवक्ता संजीव कुमार द्विवेदी ने किया। उन्होंने शुक्रवार पुर्णाहुति में भारत राष्ट्र के प्रख्यात शांकर सन्यासी परमहंस परिव्राजकाचार्य स्वामी ज्ञानानंद सरस्वतीजी महाराज के आगमन की सूचना दी तथा सायंकाल भंडारे में सभी से कथायज्ञ का माहाप्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता अखिलेश तिवारी, कांग्रेस नेत्री पूजा राय, हीरो एजेंसी के संचालक शैलेन्द्र मिश्र, धर्मेंद्र सिंह, तेज पांडेय, राजेंद्र मिश्र, श्यामसुंदर चौहान, विष्णु उपाध्याय, सुमित राय, अर्पित उपाध्याय, डाक्टर नेहा दूबे, देवेश दूबे, डाक्टर सुमंत कुमार गुप्ता, शिव शंभु पाठक, शिवचरन तिवारी, रामप्रताप सिंह, अभिमन्यु दूबे, अमित राणा, रितिक सिंह, चंद्रकांत तिवारी सहित बड़ी संख्या में स्त्री-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।









Post a Comment