रंगों से दिखाई प्रतिभा, खुशी रही अव्वल, ज़िकरा द्वितीय व संजना तृतीय
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे के प्रतिष्ठित त्रिपाठी चित्र मंदिर स्थित फैशन प्लस में बुधवार को आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों की सृजनशीलता और रंगों की उमंग देखने को मिली। प्रतियोगिता में कस्बे व आसपास के स्कूलों तथा गांवों के लगभग 50 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों के बनाए चित्रों में से खुशी चौहान को प्रथम, ज़िकरा फ़ातिमा को द्वितीय तथा संजना चौहान को तृतीय स्थान के लिए चुना गया। विजेताओं को मेडल, ट्राफी एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जबकि अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार दिए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध चिकित्सक डाक्टर दीपक त्रिपाठी ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बच्चों में अनेक गुण छिपे रहते हैं, ऐसे प्रतियोगिताओं से उनकी प्रतिभा निखरती है और आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के रचनात्मक आयोजन बाल विकास की दिशा में सराहनीय कदम हैं। कार्यक्रम में अभय कुमार सिंह, राजीव प्रजापति, एरिया मैनेजर संजय पांडेय, प्रबंधक अभय कुमार सिंह सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।

Post a Comment