Top News

अंसार क्लब वालीबाल प्रतियोगिता का हुआ भव्य आगाज़

अंसार क्लब वालीबाल प्रतियोगिता का हुआ भव्य आगाज़

बंदीकला की जीत से गूंजा ईदगाह मैदान

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के करहां गांव स्थित ईदगाह मैदान की माटी ने रविवार को खेल और सौहार्द की खुशबू बिखेरी, जब अंसार क्लब करहां के तत्वावधान में वालीबाल प्रतियोगिता का शानदार आगाज़ हुआ। तालियों की गूंज, खिलाड़ियों की फुर्ती और दर्शकों के उत्साह के बीच उद्घाटन मुकाबले में इस्लामिया क्लब बंदीकला ने जामिया हमदर्द आतागंज को कड़े संघर्ष में 15-12 अंकों से पराजित कर अगले दौर का टिकट कटाया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ समाजसेवी डॉ. आफताब आलम गुड्डू ने फीता काटकर किया। फीता काट खिलाड़ियों से हाथ मिलाते हुए उन्होंने पहली सर्विस लगाई और कहा कि करहां की धरती गंगा-जमुनी तहज़ीब की पहचान है, यहां खेल भी भाईचारे का पैग़ाम देता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में प्रदेश भर की करीब 24 नामचीन टीमें शिरकत कर रही हैं। जहांनागंज, आजमगढ़, मुहम्मदाबाद गोहना, मुबारकपुर, नेपाल, वाराणसी, चिरैयाकोट, फतेहपुर, बंदीकला और पड़री जैसी जगहों से आई टीमों ने मैदान को रंगारंग बना दिया। सोमवार को अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली दो टीमें फाइनल में आमने-सामने होंगी। विजेता टीम को समापन अवसर पर समाजसेवी विक्की वर्मा द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

इस मौके पर आयोजन समिति के अध्यक्ष अब्दुल्ला उर्फ अफरोज अंसारी, उपाध्यक्ष मोहम्मद सादिक, जावेद अहमद, कमाल अंसारी, श्यामबिहारी जायसवाल, जुनैद, नियाज़ अंसारी, आसिफ, मंजर, अशोक कुमार, तौशीफ, शम्स आलम, रवि पासी, महेंद्र यादव, संतोष तोमर, इंद्रराज यादव, अजीजू आदि बड़ी संख्या में पदाधिकारी व खेलप्रेमी मौजूद रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post