समाजसेवी विक्की वर्मा ने जेसीबी व डंफर से हटवाया कूड़े का अंबार
ट्रैक्टर-ट्राली से मिट्टी डलवाकर बदली गांव की तस्वीर
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक क्षेत्र के करहां गांव में आतागंज ईदगाह एवं वालीबाल मैदान के समीप स्थित पोखरी के पास लंबे समय से फैली गंदगी आखिरकार साफ हो गई। वर्षों से जमा कूड़े-कचरे के कारण क्षेत्रवासियों को दुर्गंध, मच्छरों के प्रकोप और संभावित बीमारियों का सामना करना पड़ रहा था। लोगों की इस परेशानी को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत वार्ड संख्या-26 के प्रत्याशी एवं समाजसेवी विक्की वर्मा ने अपने निजी संसाधनों से सफाई अभियान की पहल की।
विक्की वर्मा द्वारा जेसीबी मशीन और डंफर लगवाकर करीब पांच घंटे तक लगातार सफाई कराई गई, जिसमें पोखरी के आसपास जमा कूड़े के विशाल ढेर को पूरी तरह हटाया गया। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्राली के माध्यम से कई ट्राली मिट्टी डलवाकर स्थान को समतल कराया गया, जिससे इलाके की दशा और दिशा दोनों बदल गईं।
सफाई कार्य के उपरांत जहां दुर्गंध से राहत मिली, वहीं पूरे क्षेत्र में स्वच्छता और सुरक्षा का माहौल बना। इस प्रयास से खुश मुहल्लेवासियों ने समाजसेवी विक्की वर्मा की जमकर सराहना की और इसे निस्वार्थ जनसेवा का उदाहरण बताया। लोगों का कहना है कि यदि जनप्रतिनिधि इसी तरह संवेदनशीलता के साथ आगे आएं, तो ग्रामीण क्षेत्रों की अनेक समस्याओं का समाधान सहज ही हो सकता है।


Post a Comment