Top News

मुहम्मदाबाद गोहना रेलवे स्टेशन का डीआरएम ने किया गहन निरीक्षण

मुहम्मदाबाद गोहना रेलवे स्टेशन का डीआरएम ने किया गहन निरीक्षण

•यात्री सुविधाओं की खामियों पर जताई नाराजगी, रैंप तोड़कर दोबारा बनाने के दिए निर्देश

•जनप्रतिनिधियों व संगठनों ने सौंपे तीन मांग-पत्र, ट्रेनों के ठहराव व अंडरपास की उठी मांग

करहां (मऊ) :  पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के डीआरएम व रेल महाप्रबंधक आशीष जैन ने रविवार को मुहम्मदाबाद गोहना रेलवे स्टेशन का करीब डेढ़ घंटे तक गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्लेटफार्म, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, बुकिंग खिड़की, यात्री प्रतीक्षालय सहित एक-एक कक्ष का जायजा लिया। शौचालय में गंदगी और प्लेटफार्म पर पड़े पत्थर देख उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई तथा तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान बुकिंग खिड़की पर बने रैंप को मानक के विपरीत पाते हुए उसे तोड़कर दोबारा निर्माण कराने का आदेश दिया गया। डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को स्टेशन की साफ-सफाई व मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता पर दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापार मंडल, रेल परामर्शदात्री समिति तथा सामाजिक संगठनों की ओर से स्टेशन से जुड़ी समस्याओं को लेकर तीन अलग-अलग मांग-पत्र सौंपे गए। व्यापार मंडल व रेल परामर्शदात्री समिति सदस्य शाह आलम कुरैशी ने पश्चिमी गेट पर अंडरपास निर्माण, आजमगढ़-मुहम्मदाबाद गोहना मुख्य मार्ग से रेलवे क्रासिंग के दक्षिणी हिस्से को जोड़ने हेतु 35 फुट चौड़ी सड़क, पश्चिमी गेट समाप्त कर एलएचएस अंडरपास तथा पूर्वी गेट 13-सी व 14-सी को जोड़ने के लिए रेलवे भूमि पर सड़क निर्माण की मांग रखी। उन्होंने बताया कि रेलवे बाउंड्री के कारण मात्र 15-16 फीट चौड़ी जगह बच रही है, जिससे आवागमन बाधित होगा। डीआरएम ने सभी मांगों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इसके अलावा अन्य संगठनों ने आजमगढ़ पदमावत एक्सप्रेस सहित आजमगढ़ से मुंबई जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन के स्थानीय स्टेशन पर ठहराव, यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्लेटफार्म शेड, बेहतर प्रकाश व्यवस्था व अतिरिक्त यात्री सुविधाओं की मांग उठाई। दिव्यांग कल्याण सेवा ट्रस्ट व विकलांग समिति के सदस्यों ने एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म तक सुगम आवागमन हेतु ट्राली पथ, रैंप तथा वृद्धों, महिलाओं व मरीजों के लिए सहायक सुविधाएं विकसित करने की मांग रखी। पूर्व में दिए गए ज्ञापन पर कार्रवाई न होने का मुद्दा उठाते हुए डेडलाइन तय कर कार्य पूर्ण कराने की बात कही गई।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की बात कही। लगभग डेढ़ घंटे के निरीक्षण के बाद वह आजमगढ़ रूट के निरीक्षण के लिए रवाना हो गए। इस दौरान पीआरओ अशोक कुमार सहित सभी सेक्शन के अधिकारी, व्यापार मंडल के जगदीश गुप्ता, अनमोल साहू, गुल्लू राम आदि दर्जनों लोग उपस्थित थे।



Post a Comment

Previous Post Next Post