मऊ की मिट्टी से बर्फीले शिखरों तक अनंत सिंह रचेंगे नया इतिहास
मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। मैदानी धरती पर पले सपनों ने अब बर्फीले शिखरों की राह पकड़ ली है। जनपद के मुहम्मदाबाद गोहना तहसील के बरसवाँ गांव निवासी 24 वर्षीय युवा पर्वतारोही अनंत सिंह पहली बार स्की माउंटेनियरिंग जैसे दुर्गम शीतकालीन खेल में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं। आगामी खेलो इंडिया विंटर गेम्स में पुरुष वर्ग में उनका चयन प्रदेश के पहले स्की माउंटेनियरिंग खिलाड़ी के रूप में हुआ है।
जहाँ पूर्वांचल की हवा में धूप और धूल का स्पर्श है, वहीं अनंत ने बर्फ, ठंड और ऊँचाइयों से दोस्ती की है। स्की माउंटेनियरिंग एक ऐसा खेल जिसमें हिमाच्छादित पर्वतों पर स्की के सहारे चढ़ाई और उतराई करनी होती है साहस, तकनीक और मानसिक दृढ़ता की अंतिम परीक्षा है। सीमित संसाधनों और कठिन प्रशिक्षण के बावजूद अनंत ने अपने इरादों की आग को ठंडा नहीं पड़ने दिया।
उनकी यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के लिए शीतकालीन खेलों में नई संभावनाओं की दस्तक है। अब उनका सपना अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का तिरंगा फहराना है। मऊ ही नहीं, पूरा प्रदेश इस युवा के हौसले पर गर्व महसूस कर रहा है।


Post a Comment