मेहनत से नन्हें सितारों ने रचा सफलता का नया इतिहास
करहां, मऊ। जब मेहनत इबादत बन जाए, तो कामयाबी खुद कदम चूमने लगती है। कुछ ऐसा ही नज़ारा शनिवार को एम. शमीम मेमोरियल पब्लिक स्कूल, माहपुर-करहां में देखने को मिला, जहां नन्हें सितारों की चमक ने पूरे माहौल को रौशन कर दिया। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशियों की लहर दौड़ गई। हर चेहरे पर मुस्कान थी, हर आंख में सपनों की चमक। मानो मेहनत की फसल आज सुनहरे रंग में लहलहा उठी हो। कार्यक्रम में कक्षाओं के प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले होनहार विद्यार्थियों को मेडल, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया, वहीं सभी सफल छात्र-छात्राओं को अंकपत्र वितरित किए गए।
इस सफलता की महफिल में विद्या, अंशिका, दिव्या और शिज़ा ने अपने हुनर का ऐसा परचम लहराया कि वे विद्यालय की टॉपर बनकर सबके दिलों में बस गईं। कक्षा 5 की विद्या यादव ने 97.55% अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया और स्कूल की शान बनीं। वहीं कक्षा 6 की अंशिका यादव ने 97.05% अंक के साथ दूसरा स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। कक्षा 6 की दिव्या यादव और कक्षा 3 की शिज़ा एखलाक ने 96.66% अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। मानो सफलता ने दोनों के दरवाज़े एक साथ दस्तक दी हो।
विद्यालय के प्रबंधक आरिफ खान और प्रधानाध्यापक दीपक सिंह ने मेडल, ट्रॉफी व प्रमाणपत्र देकर सभी टॉपर्स को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि, मेहनत का कोई विकल्प नहीं होता, और ये बच्चे उसी सच्चाई की जीती-जागती मिसाल हैं। कार्यक्रम में आकिब शमीम खान, राजेंद्र प्रसाद, अरविंद शर्मा, देवेंद्र यादव, दानिश खां, रामबरन राम, अनुभव सिंह, अब्दुल्ला खां सहित सैकड़ों अभिभावक व विद्यार्थी उपस्थित रहे।




Post a Comment