करहां बाजार व गांव में अकीदत के साथ निकला ताजिया जुलूस, उमड़ा जनसैलाब
करहां, (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के करहां बाजार में मोहर्रम की 10वीं तारीख यौम-ए-आशूरा पर अकीदत और श्रद्धा के साथ ताजिया जुलूस निकाला गया। हजरत इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों की याद में आयोजित इस जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। पूरे गांव में या हुसैन के नारों की गूंज सुनाई देती रही।
ताजिया जुलूस की शुरुआत करहां गांव के सोरही मोहल्ले से हुई। केजुलूस निर्धारित मार्गों से होकर गुजरा, जहां लोगों ने ताजियों का इस्तकबाल किया और कर्बला के शहीदों को खिराज-ए-अकीदत पेश की। जुलूस के दौरान युवाओं ने पारंपरिक करतब भी प्रस्तुत किए।
मोहर्रम के मौके पर करहां बाजार और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग जुटे, जिससे पूरे क्षेत्र में जनसैलाब जैसा माहौल दिखाई दिया। जुलूस शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा तथा अधिकारी लगातार जुलूस की निगरानी करते रहे। प्रशासन की मुस्तैदी के चलते कार्यक्रम सकुशल संपन्न हुआ।




Post a Comment