टेलीकॉम ग्रामीण उद्यमी, काल सेंटर व हेल्थ केयर प्रशिक्षण का शुभारंभ
•कौशल विकास प्रशिक्षण से युवाओं को रोजगार के नए अवसर : विधायक राजेंद्र कुमार
•रहने-खाने, पढ़ने-सीखने व रोजगार पाने का है सुनहरा अवसर : प्रवीण राय
करहां (मऊ) : ब्रह्मश्री रामकृष्ण सेवा ट्रस्ट एवं उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को रामनगर ख़ालिसा एवं रामयश आईटीआई सेंटर में टेलीकाम ग्रामीण उद्यमी, काल सेंटर एवं हेल्थ केयर कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन मुख्य अतिथि मुहम्मदाबाद गोहना विधायक राजेंद्र कुमार ने फीता काटकर व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि विधायक राजेंद्र कुमार ने कहा कि वर्तमान समय स्किल बेस्ड एजुकेशन का है। केवल शैक्षणिक डिग्री पर्याप्त नहीं, युवाओं के पास व्यावहारिक कौशल भी होना जरुरी है। कौशल विकास प्रशिक्षण युवाओं को रोजगार से जोड़ने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ अपने कौशल को निरंतर विकसित कर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। आईटीआई के नोडल प्रधानाचार्य अरुण कुमार यादव ने कहा कि टेलीकाम एवं काल सेंटर सेक्टर में प्रशिक्षित युवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है। प्रशिक्षण के माध्यम से युवा व्यावहारिक कौशल हासिल कर सरकारी व निजी संस्थानों में रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य रामदरश यादव ने कहा कि कौशल विकास युवाओं को नौकरी के योग्य बनाने के साथ स्वरोजगार स्थापित करने में भी सक्षम बनाता है। संस्था के प्रबंधक प्रवीण कुमार राय ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाना है। प्रशिक्षण में टेलीकाम व नेटवर्क इंस्टालेशन, डिजिटल एवं ग्राहक सेवा, काल सेंटर तथा हेल्थ केयर से जुड़े व्यावहारिक कौशल प्रदान किए जा रहे हैं, जिससे प्रतिभागियों को रहने-खाने, पढ़ने-सीखने एवब रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर मिल सकेगें।
कार्यक्रम में प्रवीण राय ने अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया एवं सबके प्रति आभार व्यक्त किया। संचालन सैयद शबीब रिजवी ने किया। इस अवसर पर आईटीआई प्रबंधक जय प्रकाश, बब्बन यादव, सुनील कुमार यादव, रामभजन यादव, ज्योति विश्वकर्मा सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, प्रशिक्षु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।







Post a Comment