गैस समझकर न टालें सीने का दर्द, हो सकता है हार्ट अटैक : डॉ. अहमर मुमताज़

गैस समझकर न टालें सीने का दर्द, हो सकता है हार्ट अटैक : डॉ. अहमर मुमताज़

करहां (मऊ) : भागती-दौड़ती जिंदगी, बदलती खानपान की आदतें और धूम्रपान का बढ़ता चलन अब दिल की सेहत पर भारी पड़ने लगा है। कम उम्र में भी हृदय संबंधी समस्याएं सामने आ रही हैं। ऐसे में सीने में उठने वाले दर्द को महज गैस समझकर टाल देना कभी-कभी जिंदगी पर भारी पड़ सकता है। समय पर पहचान और उपचार ही हृदय को सुरक्षित रखने की सबसे बड़ी कुंजी है।

मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा स्थित जैनब मेमोरियल हॉस्पिटल के मुख्य हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अहमर मुमताज ने बताया कि जंक फूड और बाहर के खाद्य पदार्थों का बढ़ता सेवन स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय है। वहीं बीड़ी, सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पादों की लत युवाओं में हृदय रोग का खतरा बढ़ा रही है। उन्होंने लोगों को संतुलित और पौष्टिक आहार अपनाने के साथ धूम्रपान से पूरी तरह दूरी बनाने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि हार्ट अटैक के शुरुआती संकेत कई बार सामान्य गैस या अपच की तरह महसूस होते हैं। यही भ्रम परेशानी को गंभीर बना देता है। सीने में दर्द या दबाव के साथ बाएं हाथ, कंधे अथवा जबड़े में दर्द, अत्यधिक पसीना और सांस फूलना जैसे लक्षण दिखाई दें तो इन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे लक्षणों में बिना देर किए अस्पताल पहुंचकर हृदय की जांच कराना जरूरी है।

डॉ. मुमताज के अनुसार हर व्यक्ति में हार्ट अटैक के लक्षण एक जैसे नहीं होते। किसी को सीने में दर्द हो सकता है तो किसी को केवल सांस फूलने या असहज महसूस होने की शिकायत हो सकती है। इसलिए शरीर द्वारा दिए जा रहे किसी भी असामान्य संकेत को हल्के में लेने के बजाय समय रहते विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ हृदय के लिए महंगी दवाओं से अधिक जरूरी है स्वस्थ जीवनशैली। नियमित व्यायाम, पैदल चलना, घर का पौष्टिक भोजन और तंबाकू से दूरी हृदय को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जागरूकता और सावधानी के साथ हृदय रोगों के बढ़ते खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post