सुभासपा की बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर

सुभासपा की बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना विकासखंड सभागार में रविवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की कार्यकर्ता समीक्षा बैठक हुई। मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य बिच्छेलाल राजभर ने महाराजा सुहेलदेव के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के आह्वान पर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया।

बिच्छेलाल राजभर ने सेक्टर अध्यक्षों और बूथ प्रभारियों से गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद करने और उनकी समस्याओं को जानने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नियमित चौपाल लगाकर पार्टी की नीतियों व विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ा जाए। कार्यकर्ता क्षेत्रवासियों के सुख-दुख में सहभागी बनकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करें। उन्होंने दावा किया कि सुभासपा जिस गठबंधन के साथ रहेगी, प्रदेश में उसी की सरकार बनेगी।

बैठक में बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करने, नए लोगों को संगठन से जोड़ने तथा आगामी चुनावों को लेकर गांव-गांव संपर्क अभियान चलाने पर चर्चा हुई। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रमेश राजभर, विधानसभा अध्यक्ष मंगल राजभर, विधानसभा प्रभारी संतोष मास्टर, सुनील कुमार, महिला विधानसभा अध्यक्ष सुनीता चौहान, जिला महासचिव आशुतोष राजभर, युवा मंच जिलाध्यक्ष प्रमोद राजभर, खेल प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष अजीत राजभर, जिला उपाध्यक्ष कौशिकांत राजभर, मुन्ना यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post