खादी जागरुकता शिविर में खादी व स्वरोजगार अपनाने पर दिया गया जोर
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील परिसर में शनिवार को उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, जनपद मऊ के तत्वावधान में एकदिवसीय खादी जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीण क्षेत्र के लोगों और युवाओं को खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़कर स्वरोजगार अपनाने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
मुख्य अतिथि जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अमिता श्रीवास्तव ने खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग की विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि खादी केवल वस्त्र नहीं, बल्कि स्वदेशी, स्वावलंबन और रोजगार का माध्यम है। उन्होंने युवाओं को विभागीय योजनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार शुरु करने के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि संपूर्ण खादी ग्रामोद्योग संघ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष सुरेश यादव ने खादी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में ग्रामोद्योग की भूमिका बताई। शिविर में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना तथा मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना समेत विभिन्न योजनाओं की पात्रता, ऋण एवं अनुदान संबंधी जानकारी दी गई।
इस दौरान खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़े विभिन्न उत्पादों और रोजगारपरक गतिविधियों के बारे में भी लोगों को जागरुक किया गया। ग्रामोद्योग सेवा संस्थान, इटौरा अरदौना, मऊ तथा सोचन ठाकुर ने शिविर के आयोजन में सहयोग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य खादी को बढ़ावा देने के साथ ग्रामीण युवाओं और उद्यमियों को रोजगार से जोड़कर स्वदेशी एवं आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत करना रहा।





Post a Comment