उच्च प्राथमिक विद्यालय मालव की चहारदीवारी ढही, सुरक्षा पर संकट
करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के उच्च प्राथमिक विद्यालय मालव की करीब 80 फीट लंबी पूर्वी चहारदीवारी मंगलवार देर शाम भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि उस समय विद्यालय बंद था, जिससे कोई हादसा नहीं हुआ। दीवार गिरने से विद्यालय परिसर खुला हो गया है और आवारा पशुओं के प्रवेश के साथ सामान की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
प्रधानाध्यापक ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह विद्यालय पहुंचने पर चहारदीवार गिरी मिली। इसकी वजह से उत्तर दिशा की चहारदीवारी भी गिरने की आशंका है। इसकी सूचना बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों व ग्राम प्रधान को दे दी गई है। ग्रामीणों के अनुसार करीब 30 वर्ष पुरानी दीवार की नींव लगातार बारिश से कमजोर हो गई थी। पीछे के खेतों में पानी भरे रहने के कारण यह कमजोर होकर धराशायी हो गई। खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि निरीक्षण के बाद चहारदीवारी निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


Post a Comment