Top News

डीआरएम के निरीक्षण में स्टेशन की बदहाल यात्री सुविधाएं उजागर, जल्द सुधार के निर्देश

डीआरएम के निरीक्षण में स्टेशन की बदहाल यात्री सुविधाएं उजागर, जल्द सुधार के निर्देश

करहां (मऊ) : पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने शनिवार को मुहम्मदाबाद गोहना रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं की वास्तविक स्थिति देखी। स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल, यात्री बैठने की व्यवस्था, प्लेटफार्म शेल्टर समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

प्लेटफार्म नंबर एक के शौचालय की खराब स्थिति देखकर महाप्रबंधक ने नाराजगी जताई। शौचालय में गंदगी मिलने के साथ ही उसके अधिकांश समय बंद रहने की शिकायत भी सामने आई। वहीं पेयजल के लिए लगी टंकियां क्षतिग्रस्त मिलीं और इंडिया मार्का हैंडपंप भी खराब था। इससे यात्रियों को पेयजल के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। महाप्रबंधक ने शौचालय की नियमित सफाई कराने तथा पेयजल व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान भाजपा नेता छोटू प्रसाद, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष एवं मुहम्मदाबाद गोहना अध्यक्ष जगदीश प्रसाद गुप्त, तहसील अध्यक्ष मनोज कुमार कश्यप, युवा जिला उपाध्यक्ष अनमोल साहू समेत व्यापारी व दिव्यांग जन कल्याण समिति के सदस्यों ने स्टेशन की समस्याओं से महाप्रबंधक को अवगत कराया।

उन्होंने बताया कि प्लेटफार्म नंबर दो पर यात्रियों के लिए न शेड है, न शौचालय और न ही पेयजल की समुचित सुविधा। ऐसे में धूप और बारिश के दौरान यात्रियों को काफी दिक्कत होती है। दिव्यांग समिति ने दोनों प्लेटफार्मों के बीच आवागमन के लिए रैंपयुक्त फुटपाथ बनाने की मांग रखी। महाप्रबंधक ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को कमियों का शीघ्र निस्तारण कराने का निर्देश दिया।



Post a Comment

Previous Post Next Post