Top News

मऊ के विनय लाल यादव ने भारोत्तोलन में प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ जीता स्वर्ण

मऊ के विनय लाल यादव ने भारोत्तोलन में प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ जीता स्वर्ण

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के ओटनी गांव के होनहार खिलाड़ी विनय लाल यादव ने भारोत्तोलन में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मेघालय में आयोजित ईस्ट जोन अंतर विश्वविद्यालय भारोत्तोलन प्रतियोगिता 2026-27 में उन्होंने 85 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

एसोसिएशन आफ इंडियन यूनिवर्सिटीज की ओर से पांच व छह नवंबर को यूनिवर्सिटी आफ साइंस एंड टेक्नोलाजी, मेघालय में आयोजित इस प्रतियोगिता में विनय ने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी की ओर से प्रतिभाग किया। उन्होंने स्नैच में 124 और क्लीन एंड जर्क में 174 किलोग्राम सहित कुल 298 किलोग्राम भार उठाकर शीर्ष स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर रहे मोहम्मद तालिब कुल 297 किलोग्राम भार ही उठा सके।

स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही विनय ने दिसंबर में ओडिशा में होने वाले विश्वविद्यालय खेलों के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली है। उनकी इस उपलब्धि पर भाजपा नेत्री पूनम सरोज, ब्लाक प्रमुख रानू सिंह, विक्की वर्मा, महेंद्र यादव, ग्राम प्रधान प्रमोद यादव, बसंत कुमार सिंह, वीरेंद्र राजभर और माधव सरोज सहित क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने प्रसन्नता जताते हुए बधाई दी है।



Post a Comment

Previous Post Next Post