व्यक्तिगत स्वच्छता दिवस पर विद्यार्थियों का किया गया स्वास्थ्य परीक्षण
करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के मालव प्राथमिक विद्यालय में चल रहे स्वच्छता पखवाड़े के तहत बुधवार को व्यक्तिगत स्वच्छता दिवस मनाया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने अध्यापकों संग स्वच्छता का संकल्प लिया। साथ ही कुशल चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा उनके स्वास्थ्य का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं दवायें दी गयी।
बता दें कि उत्तर प्रदेश शासन, बेसिक शिक्षा महानिदेशक व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी की गई दिवसवार सारणी के अनुसार विद्यालय में बुधवार को व्यक्तिगत स्वच्छता दिवस कार्यक्रम का अनुपालन किया गया। सुबह प्रार्थना स्थल पर प्रधानाध्यापक धनंजय सिंह ने बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस दौरान उन्होंने बताया कि हमें अपने घर, विद्यालय व आसपास साफ-सफाई रखने के साथ अपनी व्यक्तिगत सफाई पर भी ध्यान देना चाहिये। जैसे प्रतिदिन सुबह उठकर नियमित शौच करना, साबुन से हाथ धोना, ब्रश करना, स्नान करना, बालों की सफाई व सजावट करना, कपड़ों की सफाई करना आदि। गर्मी व उमस के कारण बच्चों के कपड़े बदबू करने लगते हैं, जिससे बीमारियां फैलती हैं। थोड़ी भी लापरवाही से हम गंभीर रोगों का शिकार हो सकते हैं।
इस मौके पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद गोहना से आई हुई मेडिकल टीम ने सभी बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। उन्हें आवश्यकता अनुसार निश्शुल्क परामर्श व दवायें वितरित की गई।
इस अवसर पर मेडिकल टीम के डाक्टर शैलेश केशरवानी, डाक्टर नीतू शर्मा, स्टाफ नर्स सरोज यादव, नेत्र परीक्षक राघवेंद्र कुमार सहित विद्यालय के स्टाफ रामकेर राम, उमेश भारती, रामकिशोर राम, स्वतंत्र कुमार सिंह, विजेंद्र प्रसाद, फहद अहमद, सुलमती चौहान, आरती सिंह व सभी रसोईयां आदि उपस्थित रहीं।


Post a Comment