मऊ के सूर्य प्रताप ने 50 मीटर प्रोन शूटिंग में जीता स्वर्ण पदक, जिले का बढ़ाया मान
करहां (मऊ) : करहां परिक्षेत्र के शमशाबाद गांव के 15 वर्षीय होनहार निशानेबाज सूर्य प्रताप सिंह ने दिल्ली में आयोजित 49वीं स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 मीटर प्रोन शूटिंग के यूथ वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर मऊ जनपद का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है और लोग बधाई देते हुए उनके उज़्ज़वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।
दिल्ली के तुगलकाबाद स्थित इंडोर शूटिंग रेंज में 20 से 30 जून तक आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सूर्य प्रताप सिंह ने अपनी टीम के साथ सटीक निशाने और बेहतरीन प्रदर्शन से स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों के प्रतिभाशाली निशानेबाजों के बीच उन्होंने अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया।
सूर्य प्रताप सिंह शमशाबाद गांव निवासी पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य नागेंद्र भूषण प्रताप सिंह के पुत्र हैं। वे जनता इंटर कालेज रानीपुर के पूर्व प्रधानाचार्य अपने स्वर्गीय दादा रविंद्र बहादुर सिंह के निशानेबाजी कौशल से प्रेरित होकर इस खेल से जुड़े। वर्तमान में वाराणसी में रहकर शिक्षा ग्रहण करने के साथ-साथ चितईपुर स्थित पूर्वांचल शूटिंग एकेडमी में प्रशिक्षण ले रहे हैं। उनके प्रशिक्षक सत्यम सिंह ने बताया कि सूर्य ने बेहद कम समय में जिस स्तर का प्रदर्शन किया है, वह उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि सूर्य प्रताप भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करेंगे।
सूर्य प्रताप सिंह के गृह आगमन पर गांव और आसपास के क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा। क्षेत्रवासियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और मिठाई खिलाकर बधाई दी। उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री यशवंत सिंह, विधायक राजेंद्र कुमार, एमएलसी विक्रांत सिंह 'रिशु', भाजपा नेत्री पूनम सरोज, ब्लाक प्रमुख रानू सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य रवि सिंह व आशीष चौधरी, वर्तमान जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रवि पासी, ग्राम प्रधान रामजीत यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने सूर्य प्रताप को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


Post a Comment