अघोषित विद्युत कटौती से त्रस्त ग्रामीणों ने किया विरोध
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के दर्जन भर गाँवों के उपभोक्ता किसानों ने जबरदस्त विद्युत कटौती के विरोध में नारेबाजी कर नाराजगी प्रकट की और साथ ही समस्या के समाधान की अपील की। अभियंता ने शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
मऊ जनपद के कमालपुर, पहाड़पुर, देवसीपुर, ओटनी, टेकई, राजापुर, लग्गूपुर, तिलसवां, बरसवां, हिंडोला, देवरिया बड़ी व छोटी, सौसरवां आदि सीमावर्ती गांव हैं। इनकी विद्युत आपूर्ति मऊ जिले के करहां-जमुई विद्युत उपकेंद्र से न होकर आजमगढ़ के जहानागंज उपकेंद्र के परासी फीडर से होती है। ग्रामीणों ने बताया कि वर्षो से आये दिन भयंकर बिजली कटौती व कम वोल्टेज से इस क्षेत्र में खेती-किसानी सहित गुजर-बसर करना मुश्किल है। इधर पिछले दो दिनों से बिजली गायब थी। आयी भी तो कुछ ही घंटे में दर्जनों बार कटी।
इन समस्याओं से त्रस्त उक्त गाँवों के बसंत सिंह, मुसाफिर यादव, शिवबचन यादव, मन्नू सिंह, मुसाफिर यादव, विजय सरोज, धर्मेंन्द्र यादव, रामअवध पासवान, प्रमोद कुमार यादव, इंदल सिंह, रविन्द्र यादव, चंद्रशेखर पासवान आदि किसानों ने अपनी हाईडिल पर प्रदर्शन कर समस्या समाधान की मांग की।
अभियंता छोटेलाल यादव ने शीघ्र परासी फीडर को अपग्रेड कर समस्या समाधान का भरोसा दिलाया। जिसकी प्रक्रिया चंद दिनों में ही पूरी होने वाली है।


Post a Comment