Top News

बेसिक के छात्रों ने व्यक्तिगत स्वच्छता का लिया संकल्प

बेसिक के छात्रों ने व्यक्तिगत स्वच्छता का लिया संकल्प

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय मालव में स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत बुधवार को व्यक्तिगत स्वच्छता दिवस मनाया गया। इस मौके पर सभी विद्यार्थियों का जहां निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया वहीं बच्चों ने प्रधानाध्यापक संग व्यक्तिगत स्वच्छता का संकल्प लिया।

शासन व बेसिक शिक्षा विभाग की मंशा के अनुरूप मनाये जा रहे स्वच्छता पखवाड़े के तहत सभी बच्चों को प्रार्थना स्थल पर व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ देश की स्वच्छता का संदेश दिया गया। प्रधानाध्यापक धनंजय सिंह ने कहा कि हम सुधरेंगे तो जग सुधरेगा। किसी भी सामाजिक मिशन की शुरुआत हमें स्वयं से करनी चाहिये। इसलिए सभी बच्चों को अगस्त माह से ही चलने वाले कार्यक्रम "संचारी रोग पखवाड़ा" एवं सितंबर माह में "स्वच्छता पखवाड़ा" का साक्षी बनाया जा रहा है। कहा कि सभी छात्र-छात्राओं को अपने व्यक्तिगत जीवन में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देना चाहिये, इससे उनका स्वास्थ्य उत्तम रहेगा।

इस अवसर पर विद्यालय के सहायक अध्यापक फहद अहमद ने बच्चों से व्यक्तिगत स्वच्छता से संबंधित गतिविधि कराया। जिसमें बच्चों के साथ ही साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद गोहना से आई हुई मेडिकल टीम ने भी बढ़ चढ़कर भाग लिया। इसके अलावा टीम ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया एवं जिस बच्चे को जैसी आवश्यकता थी वैसा टीम के द्वारा परामर्श और दवाएं दोनों दी गई।

मेडिकल टीम में डॉक्टर शैलेश केशरवानी, डॉ. नीतू शर्मा, स्टाफ नर्स सरोज यादव, नेत्र परीक्षक राघवेंद्र कुमार समेत विद्यालय के सहायक अध्यापक रामकेर राम, उमेशभारती, रामकिशोर राम, स्वतंत्र कुमार सिंह, विजेंद्र प्रसाद, फहद अहमद, सुलमती चौहान, आरती सिंह, समस्त रसोईया व सैकड़ों विद्यार्थीगण मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post