Top News

अज्ञात वाहन ने खंभा तोड़ा, बिजली सप्लाई घंटों बाधित

अज्ञात वाहन ने खंभा तोड़ा, बिजली सप्लाई घंटो बाधित

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक स्थित विद्युत उपकेंद्र जमुई के अंतर्गत पड़ने वाले करहां परिक्षेत्र के विभिन्न गांवों व मुहल्लों में मंगलवार की रात से कुल लगभग 22 घंटे विद्युत आपूर्ति बाधित रही। इसकी वजह से क्षेत्र के विभिन्न उपभोक्ता, बुनकर, किसान, व्यापारी, रोगी, वृद्ध, बालक व विद्यार्थीगण हलकान रहे।

बता दें कि मंगलवार की रात करीब 08 बजे 33 हजार की मुख्य विद्युत आपूर्ति भुजही मोड़ व सुरहुरपुर के निकट पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के करीब खराब हो गई। विद्युत कर्मियों ने कड़ी मेहनत कर रात 11 बजे आपूर्ति बहाल की। अभी 03 घंटे ही आपूर्ति हो पाई कि रात 01 बजे के करीब साधन सहकारी समिति जमुई के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से 11 हजार वोल्टेज की बिजली का खंभा टूट कर गिर गया।

बुधवार सुबह से दोपहर तक पुनः मेहनत कर विद्युत कर्मियों में नया खंभा खड़ा कर तारों की मरम्मत किया। इसके बावजूद सायं लगभग 07 बजे जाकर आपूर्ति बहाल हो पाई। इस प्रकार कुल दो चरणों में मिलाकर लगभग 22 घंटे आपूर्ति बाधित रहने से क्षेत्रवासी बेहद परेशान रहे।

इस उमस भरे मौसम में बेहद घने बसे करहां, जमुई, माहपुर, घुटमा, जोगियाना, रसूलपुर, दरौरा, नगपुर, परवा, गद्दोपुर आदि दर्जनों गांवों व मुहल्लों के लोग परेशान रहे। सबसे अधिक किल्लत पीने के पानी की रही। करहां क्षेत्र की टंकीयों का पानी समाप्त हो गया। समूचा क्षेत्र हैंडपम्प के युग में लौटने को मजबूर दिखा जहां दोपहर से देर शाम कतारें देखी गयी और लोग विद्युत विभाग को कोसते नज़र आये। इस बाबत अवर अभियंता 33/11 विद्युत उपकेंद्र जमुई-करहां छोटेलाल ने बताया कि उखड़े खम्भे की मरम्मत कर दी गयी है। मुख्य सप्लाई चालू होते ही आपूर्ति बहाल की गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post