करहाँ में आयेदिन जाम के झाम से त्रस्त हुई जनता
करहाँ (मऊ) : स्थानीय बाजार में जहानागंज जाने वाली एफडीआर तकनीकि से बनी नवनिर्मित सड़क की चौड़ाई कम किये जाने एवं बेतरतीब वाहन खड़े किये जाने के कारण आयेदिन जाम लग रहा है। यह सब कुछ लगभग रोज उस स्थान पर हो रहा है जहां पुलिस सहायता केंद्र बनाया गया है। रोज के जाम से बाजारवासी, क्षेत्रीय जनता एवं राहगीर त्रस्त हैं। सबकी मांग है कि सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जाय एवं पटरियों को खाली कराया जाय, ताकि रोज-रोज की होने वाली परेशानी से मुक्ति मिल सके।
बता दें कि हाल के ही कुछ महीनों में करहां से तिलसवां गांव तक एफडीआर तकनीकि से सड़क का निर्माण पूर्ण हुआ है। इसमें लग्गूपुर, ओटनी व करहां के कुल तीन स्थानों पर कुछ सौ मीटर आरसीसी सड़क बनाई गई। हर जगह सड़क की चौड़ाई 5.5 मीटर रखी गयी लेकिन करहां के जोगियाने मुहल्ले में इसकी चौड़ाई मात्र 3.5 मीटर करके खानापूर्ति कर दी गयी। इसके कारण दो चारपहिया वाहन एक साथ पार नहीं होते। बस या ट्रक आ जाने पर मोटरसाइकिल तक पार नहीं हो रही। यहां तक कि अनेक बार गाड़ियां आरसीसी से उतरकर पलटने की कगार पर आ जा रही हैं। इससे बराबर खतरा बना रहता है।
बाजारवासियों का कहना है कि इस सात किमी नवनिर्मित सड़क में यह स्थान सबसे अधिक भीड़-भाड़ वाला है। यहां तो सड़क की चौड़ाई अतिक्रमण हटाकर सबसे ज्यादा रखी जानी चाहिये थी, लेकिन कम चौड़ाई के कारण यह समस्या हमेशा के लिये बन गयी। इसके अलावा घनी और लंबी बाजार में यत्र-तत्र बेतरतीब वाहन और ठेले-खोमचे लगा दिये जा रहे हैं। इसकी वजह से भी आयेदिन जाम लग रहा है। प्रायः पुलिस बूथ पर मौजूद पुलिसकर्मी भी मूकदर्शक बन देखते रहते है।
क्षेत्रीय नागरिक विष्णुकांत श्रीवास्तव, विजय कुमार सिंह गब्बर, अजय यादव, अरुण जायसवाल, सतीश सिंह, डाक्टर आफ़ताब आलम, राहुल मद्धेशिया, अभिषेक यादव, लखेंद्र चौहान, सुनील राजभर, दिवाकर तिवारी, भूपेंद्र पांडेय आदि ने संबंधित विभाग व अधिकारियों से जाम की समस्या से स्थायी निजात दिलाने की अपील की है।


Post a Comment