बोधगया से सारनाथ जा रही पैदल धम्मयात्रा पहुंची करहां
◆थाईलैंड के 87 धम्मयात्री कर रहे हैं पदयात्रा
◆दरौरा स्थित जेके मेमोरियल पब्लिक स्कूल में हुआ विश्राम
करहां (मऊ) : धर्मगुरु फ्राकरू तीरथम्प्रामोते के नेतृत्व में बोधगया से सारनाथ काशी के लिए निकली थाईलैंड निवासी 87 बौद्ध धम्मयात्रियों का जत्था गुरुवार सायंकाल दरौरा पहुंचा। जेके मेमोरियल पब्लिक स्कूल दरौरा में गुरुवार की रात्रि विश्राम के बाद भोर में यह यात्रा काशी के लिए प्रस्थान करेगी। सायंकाल सभी धम्मयात्रियों ने विश्व कल्याण की भावना से समवेत स्वर में प्रार्थना सभा की।
धर्मगुरु फ्राकरू तीरथम्प्रामोते ने बताया कि पैदल भारत भ्रमण करने का उनका 11वां वर्ष है। इस मार्ग से उनकी यह पहली धम्मयात्रा है। बोधगया से शुरू होकर यह यात्रा सुजाता, डोंगेश्वरी, राजगीर, नालंदा, वैशाली, केशरिया, कुशीनगर, मऊ होती हुई सारनाथ को जायेगी। धम्मयात्रियों के मीडिया प्रभारी पिया ने बताया कि भगवान बुद्ध के विभिन्न धार्मिक स्थलों, साधना व उपदेश केंद्रों को भौतिक व आत्मिक रुप से अनुभव करने के लिये हम सभी पैदल यात्रा कर रहे हैं। साथ ही भगवान बुद्ध के उपदेशों को जन-जन में पहुंचाना हमारा उद्देश्य है। यह यात्रा हमने 13 फरवरी को बोधगया से प्रारंभ किया और इसका समापन 14 मार्च को सारनाथ में किया जायेगा।
जेके मेमोरियल पब्लिक स्कूल दरौरा में पहुंचने पर प्रबंधक इंद्रदेव सिंह ने धम्मयात्रियों का भव्य स्वागत किया। कहा कि धर्म को समझने व प्रचार करने वाले कर्मठ धम्मयात्रियों का स्वागत सत्कार करके हमें अपार हर्ष हो रहा है। इस अवसर पर नागेंद्र सिंह, संजू कुमार, संजय सिंह, किशुन चौहान, कुंवर अजीत प्रताप, सोमवीर यादव, कृपानारायण सिंह, सुबाशंकर सिंह आदि उपस्थित रहे।
Post a Comment