डायट में होगा अब तक का सबसे बड़ा मैथ ओलंपियाड
करहां (मऊ) : राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद एससीईआरटी के निर्देशन में मऊ के जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डायट में जुलाई 2025 में अब तक का सबसे बड़ा गणित ओलंपियाड आयोजित किया जाएगा। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों में गणितीय सोच, समस्या-समाधान, कौशल विकास और तार्किक विश्लेषण की क्षमता को बढ़ावा देना है।
प्रतियोगिता की विशेषताओं के सम्बंध में वरिष्ठ डायट प्रवक्ता व सामान्य प्रभारी जावेद आलम ने बताया कि व्यापक सहभागिता के तौर पर इस ओलंपियाड में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्रों के भाग लेने की उम्मीद है। प्रतियोगिता से पूर्व छात्रों के लिए विशेष गणितीय प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिसमें उन्हें ओलंपियाड स्तर के प्रश्नों के लिए तैयार किया जाएगा। बहुविकल्पीय प्रश्नों के साथ-साथ वर्णनात्मक प्रश्न भी शामिल होंगे, जिससे छात्रों की गहन समझ और विश्लेषण क्षमता का मूल्यांकन किया जा सके। बताया कि यह प्रतियोगिताएं पहले स्कूल स्तर पर फिर ब्लाक स्तर पर और फिर जिले स्तर पर जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थान मऊ में आयोजित होंगी।
एससीईआरटी की भूमिका के बारे में स्पष्ट करते हुये जावेद आलम ने बताया कि एससीईआरटी इस ओलंपियाड के आयोजन में मार्गदर्शन प्रदान कर रहा है और सुनिश्चित कर रहा है कि प्रतियोगिता राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हो। इस ओलंपियाड की सफलता को देखते हुए भविष्य में और भी व्यापक स्तर पर गणितीय प्रतियोगिताएं आयोजित करने की योजना बनाई जाएगी। इसके साथ ही चयनित छात्रों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं छात्रों में गणित के प्रति रुचि बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को निखारने में सहायक होंगी और बच्चे भविष्य के लिए तैयार होंगे।

Post a Comment