करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना थाना परिसर में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस पर 37 लोग उम्मीदों के साथ अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे और अधिकारियों ने गंभीरता से उनकी बात सुनी। कुल दर्ज 37 शिकायतों में से 35 मामले राजस्व से संबंधित थे और 02 पुलिस से जुड़े हुए थे लेकिन एक भी मामले का मौके पर निस्तारण संभव नहीं हो सका।
सुनवाई के दौरान जमीन के सीमांकन, पैमाइश और दाखिल-खारिज से जुड़े कई वर्षों पुराने मामले सामने आए। वहीं पुलिस से जुड़ी शिकायतों में लोगों ने पारिवारिक विवाद व स्थानीय झगड़ों का समाधान मांगा। मौके पर थाना प्रभारी रविन्द्र नाथ राय समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने सभी मामलों को नोट कर प्राथमिकता के अनुसार कार्रवाई का भरोसा दिया।
थाना समाधान दिवस के माध्यम से प्रशासन का प्रयास होता है कि आमजन की समस्याएं सीधे सुनकर उनका जल्द निस्तारण हो। हालांकि इस बार मौके पर किसी मामले का तत्काल समाधान नहीं हो सका, लेकिन सभी शिकायतों को प्रक्रिया में लिया गया है और संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं। जनता को भरोसा है कि आने वाले दिनों में उनके मामलों पर ठोस कार्रवाई जरूर देखने को मिलेगी।

Post a Comment