भीषण गर्मी में स्वास्थ्य का रखें विशेष ध्यान : डॉ. शिव प्रकाश सिंह
करहां (मऊ) : जनपद सहित पूरे प्रदेश में प्रचंड गर्मी ने लोगों की हालत खराब कर दी है। लू के थपेड़े और लगातार बढ़ते तापमान से खासकर बच्चे और बुजुर्ग ज़्यादा प्रभावित हो रहे हैं। चिलचिलाती धूप में ज़रा सी लापरवाही भी बड़ी बीमारी का कारण बन सकती है। इसी बीच मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा स्थित विवान हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. शिव प्रकाश सिंह ने लोगों को आगाह करते हुए जरूरी उपाय बताए हैं।
डॉ. सिंह ने कहा कि इस भीषण गर्मी से बचने का एकमात्र तरीका है सावधानी और संयम। उन्होंने सलाह दी कि लोग दिन में कई बार पानी पिएं, बिना प्यास लगे भी हाइड्रेट रहें। इसके अलावा नींबू पानी, नारियल पानी, छाछ जैसी प्राकृतिक पेय सामग्री का सेवन करें। दोपहर 12 से 03 बजे तक बाहर न निकलें और हल्के सूती कपड़े पहनें।
उन्होंने विशेष तौर पर बच्चों और बुजुर्गों के लिए चिंता जताई और कहा कि अगर धूप में जाना जरूरी हो, तो छाता, टोपी और चेहरे पर कपड़ा ज़रूर लगाएं। अंत में उन्होंने अपील की कि लोग गर्मी को हल्के में न लें क्योंकि सावधानी ही इस मौसम में सबसे बड़ी सुरक्षा है।

Post a Comment