किसान के बेटे ने फहराया नीट में परचम, स्कूल सहित गांव में मिल रहा सम्मान
करहां (मऊ) : करहां परिक्षेत्र के माहपुर गांव निवासी व सेक्रेड हार्ट स्कूल कालिंदीपुरम सुरहुरपुर में पढ़े हुए एक सामान्य से किसान व बीड़ी व्यवसायी के बेटे अम्मार खां ने नीट परीक्षा 2025 में 548 प्राप्तांक के साथ सफलता प्राप्त परचम लहराया है। इस उपलब्धि पर स्कूल सहित गांव के लोंगो ने फूल-माला पहनाकर स्वागत किया एवं मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इज़हार किया।
कहा जाता है कि एक पढ़ी-लिखी महिला दो परिवारों को संवारने का काम करती है। इसका ताजा उदाहरण माहपुर गांव निवासिनी व सौसरवां प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापिका शगुफ्ता याशमीन का है। उनको शिक्षित होने का परिणाम यह है कि आज उनके तीन बेटे व एक बेटी अच्छी शिक्षा प्राप्त कर सफलता अर्जित कर रहे हैं और आगे अभी और प्रयास में लगे हुए हैं। माँ के मार्गनिर्देशन व प्रेरणा से जहां उनके बड़े बेटे विदेश में इंजीनियर पद पर सेवाएं दे रहे हैं, वहीं बड़ी बेटी एमएससी व बीएड करके नेट की तैयारी कर रही हैं। तीसरे नंबर के अम्मार खां ने देश में 13,380 के रैंक से नीट परीक्षा उत्तीर्ण की है तो छोटा भाई भी डाक्टरी की तैयारी में लगा है।
अम्मार खां ने बताया कि चौथे प्रयास में मुझे यह सफलता मिली है। कई बार असफल होने के बाद जब मैं टूट गया था तब भी मां ने सहारा दिया और कहा कि तुम्हारा काम पढ़ना है, परिणाम की चिंता करना नहीं। उसका परिणाम है कि आज मैं अच्छे अंको से क्वालीफाई कर पाया हूं। पढ़ लिखकर गरीबों को चिकित्सकीय क्षेत्र में सहयोग करूंगा।
यह सब कुछ सामान्य से किसान व पारिवारिक रुप से बीड़ी व्यवसाय से जुड़े आज़म खान के परिवार में इसलिए संभव हो पाया है क्योंकि उनके परिवार में एक पीढ़ी-लिखी महिला का आगमन हुआ। अम्मार खां ने भी इसका सारा श्रेय मां शगुफ्ता याशमीन के कुशल मार्गनिर्देशन व पिता आज़म खां के सहयोग को दिया है। साथ ही सेक्रेड हार्ट स्कूल के शिक्षकों, प्रधानाचार्य डाक्टर किरण कृष्ण, चेयरमैन हरिकृष्ण बरनवाल के योगदान को सराहा है।
इस सफलता पर जहां क्षेत्र के लोग बधाई दे रहे हैं, वहीं स्कूल प्रशासन ने भी बुलाकर सम्मानित किया है। ग्रामीणों ने उनके घर पहुंचकर फूल-माला पहनाकर मिठाई खिलाते हुए मुबारकबाद दिया। बधाई देने वालों में जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रवि पासी, पूर्व ग्रामप्रधान गुड्डू खां, प्रसिद्ध चिकित्सक डाक्टर कुंवर अनुराग सिंह, असलम खां, ग्रामप्रधान जगदीश चौहान, आरिफ खां, डाक्टर राजेश यादव, आकिब सद्दाम खां, श्यामबिहारी जायसवाल, राजू खां, नोमान खां, अंजर खां आदि प्रमुख थे।


Post a Comment