पहली बारिश में ही टड़वा चौबेपुर में लगा जल जमाव
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक अंतर्गत जमुई ग्राम पंचायत के टड़वा चौबेपुर में मंगलवार सुबह हुई पहली बारिश से जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। गांव की सड़क और गलियां तालाब में तब्दील हो गयी। ग्रामीणों ने पुरजोर तरीके से जिम्मेदार लोंगो के समक्ष इस समस्या को उठाते हुए समाधान की मांग की है।
करीब एक घंटे तक हुई रिमझिम वर्षा के कारण पानी निकासी की व्यवस्था पूरी तरह ठप पड़ गई, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव के मुख्य रास्तों के पास 1 से 2 फीट तक पानी भर गया है। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को आने-जाने में दिक्कतें हो रही हैं। कई घरों में भी पानी घुसने की नौबत आन पड़ी है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत और प्रशासन को कई बार जल निकासी की समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन कोई स्थायी समाधान अब तक नहीं किया गया है।
स्थानीय निवासी रामकवल चौहान ने मांग की है कि मानसून से पहले स्थायी जल निकासी व्यवस्था, नाली निर्माण और नियमित सफाई का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि हर वर्ष यह समस्या दोहराई न जाए।

Post a Comment