Top News

गुरादरी को ग्रामीण पर्यटक स्थल के रुप में विकसित करने के प्रस्ताव पर जताई खुशी

गुरादरी को ग्रामीण पर्यटक स्थल के रुप में विकसित करने के प्रस्ताव पर जताई खुशी

करहां (मऊ) : जिले के विभिन्न गांवों सहित मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के देवलास, बरहदपुर व चकजाफ़री गांव के गुरादरी मठ को ग्रामीण पर्यटक स्थल के रुप में विकसित करने हेतु जिला प्रशासन ने शासन को प्रस्ताव भेजा है। इस विषय की जानकारी होने पर गुरुवार को गुरादरी मठ पर क्षत्रिय बयालिस बेरुआर बिरादरी की बैठक कर ख़ुशी जाहिर की गई। साथ ही ब्लाक व जिला प्रशासन द्वारा प्रस्ताव भेजने को लेकर आभार जताया गया एवं शासन से मांग की गई कि इस प्रस्ताव का अनुमोदन कर इन स्थलों का विकास सुनिश्चित किया जाय। इससे इन स्थानों के सैकड़ों वर्षों पुरानी धरोहर का जीर्णोद्धार व सुंदरीकरण हो सकेगा।

बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के नवोदित अध्यक्ष व यूपी बड़ौदा बैंक के सेवानिवृत्त क्षेत्रीय सह प्रबंधक शशिभूषण प्रताप सिंह ने कहा कि गुरादरी मठ सतनामी संत परंपरा की तीन सौ वर्षों पुरानी एक सिद्ध पीठ है। यहां पर पहले महंत व महान संत घनश्याम साहब की तपस्या से उत्पन कभी भी न सूखने वाला पवित्र पाताल गंगा सरोवर है। यहां घनश्याम साहब सहित पदारथ साहब, महाबल साहब, प्रहलाद साहब, सत्यनारायण साहब, जगन्नाथ साहब जैसे सिद्ध संतों की समाधियां स्थित हैं। यहां प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु बाबा घनश्याम साहब, पाताल गंगा सरोवर, शिवजी, हनुमानजी एवं अन्नपूर्णा माता का दर्शन-पूजन करने के लिए आते हैं तथा वर्ष में पांच बार भव्य मेले एवं स्नान पर्व का आयोजन होता है। यदि जिला प्रशासन के प्रस्ताव पर सरकार द्वारा इस स्थान को ग्रामीण पर्यटक स्थल के रुप में विकसित किया जायेगा तो यह चकजाफ़री गांव सहित पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात होगी। इससे और अधिक लोंगो का इस स्थान से जुड़ाव होगा।

बैठक में मुख्य रुप से बृजबिहारी सिंह, सतीश कुमार सिंह, नागेंद्र सिंह, संतोष राय, सूर्यभान सिंह, विजय बहादुर, प्रहलाद सिंह, अधिवक्ता जनार्दन सिंह, संदीप दास, ओमप्रकाश, चंद्रभान सिंह, सुबाशंकर आदि उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post