प्रशिक्षु पशु चिकित्सक बनेगी नगपुर की बिटिया
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील व रानीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम एवं पोस्ट नगपुर, जनपद मऊ की प्रतिभाशाली बिटिया प्रगति त्रिपाठी ने पशु चिकित्सक बनने की पढ़ाई हेतु आयोजित प्रतियोगी परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 720 में से 545 अंक प्राप्त किए हैं। इसके साथ ही अब वह पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय मथुरा की प्रशिक्षु पशु चिकित्सक बन गयी है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने पूरे उत्तर प्रदेश में 12वीं रैंक हासिल की है।
प्रगति त्रिपाठी डॉ. कृष्ण कान्त त्रिपाठी की सुपुत्री हैं, जो एन.डी. यूनिवर्सिटी, कुमारगंज, अयोध्या में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। उनकी माता सुदेश त्रिपाठी एक समर्पित गृहिणी हैं। प्रगति के बाबा रामाश्रय तिवारी एक सम्मानित सेवानिवृत्त शिक्षक हैं, जबकि चाचा कृपानारायण त्रिपाठी मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के लक्ष्मण पट्टी प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक हैं। इस शैक्षणिक वातावरण और पारिवारिक सहयोग ने प्रगति की सफलता में अहम भूमिका निभाई है।
प्रगति की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में, बल्कि पूरे नगपुर गांव में हर्ष का माहौल है। क्षेत्र के लोगों ने इसे गांव की बेटियों के लिए प्रेरणादायक बताया है और प्रगति को आगे की पढ़ाई के लिए शुभकामनाएं दी हैं। प्रगति त्रिपाठी ने प्रतियोगी परीक्षा में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से यह साबित कर दिया है कि लगन, मेहनत और परिवार का मार्गदर्शन हो तो कोई भी लक्ष्य दूर नहीं।

Post a Comment