तहसील दिवस में 100 में 8 मामलों का हुआ निस्तारण
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील सभागार में शुक्रवार को तहसील दिवस का आयोजन हुआ। इसमें पहुंचे मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर सहित विभिन्न अधिकारियों के समक्ष कुल 100 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत हुए, जिनमें से केवल 8 मामलों का ही मौके पर निस्तारण किया जा सका। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया है।
सीडीओ प्रशांत नागर ने जन शिकायतों को गंभीरता से सुना और कई मामलों में त्वरित कार्यवाही हेतु निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि जन समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाए, लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
तहसील दिवस में कुल 4 मामलों में राजस्व टीम को मौके पर भेजा गया। प्राप्त आवेदनों में सबसे अधिक 57 मामले राजस्व विभाग से संबंधित पाए गए, जबकि शेष प्रकरण अन्य विभागों के रहे। कुछ शिकायतकर्ता समस्याओं के शीघ्र समाधान को लेकर संतुष्ट दिखे, तो कुछ ने धीमी कार्यप्रणाली पर असंतोष भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर एसडीएम अभिषेक गोस्वामी, नायब तहसीलदार गौरव शाह, बीडीओ कलाधर पांडेय, क्षेत्राधिकारी शीतला प्रसाद पांडेय, सीएचसी अधीक्षक डाक्टर रामबदन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व राजस्व कर्मी उपस्थित रहे।


Post a Comment