Top News

मऊ के अनंत ने दल सहित माउंट कुन पहाड़ी पर 6349 मीटर तक की किया चढ़ाई

मऊ के अनंत ने दल सहित माउंट कुन पहाड़ी पर 6349 मीटर तक की किया चढ़ाई

◆ख़राब मौसम, भारी बारिश व हिमस्खलन के कारण लौटे

◆अगला लक्ष्य है माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा लहराना

करहां (मऊ) : जनपद स्थित करहां परिक्षेत्र के बरसवां गांव निवासी 23 वर्षीय प्रसिद्ध युवा पर्वतारोही अनंत सिंह ने माउंट कुन नामक 7077 मीटर ऊंची पहाड़ी पर चढ़ाई हेतु अपने 10 सदस्यीय एक खास दल के साथ 2 जुलाई को रवाना हुए थे। 24 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान में इन्होंने 6349 मीटर की ऊंचाई तक चढ़ने में सफलता प्राप्त कर ली थी। खराब मौसम, भारी बारिश और हिमस्खलन की बढ़ती आशंकाओं के चलते आगे की चढ़ाई सुरक्षा कारणों से स्थगित कर दी गई। अनंत सिंह सहित पूरा दल सकुशल वापस लौट आया है। अब अनंत का अगला लक्ष्य माउंट एवरेस्ट फतह कर वहां देश का तिरंगा झंडा लहराना है।

बता दें कि मऊ की शान अनंत सिंह राजपूत जुझारू और अनुभवी पर्वतारोही हैं। वे अबतक 12 सफल पर्वतारोहण अभियानों में भाग ले चुके हैं। वे नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के प्रशिक्षक और भारतीय पर्वतारोहण फाउंडेशन में लायजन आफिसर भी रह चुके हैं। अजीत एक्सप्रेस व जागरण संवाददाता से दूरभाष पर बताया कि शिविर एक और दो के बीच राकफाल अर्थात पत्थर गिरने की बहुत घटनाएं हुई। इससे पूरी टीम पर जान जाने का खतरा मंडराने लगा। चढ़ाई के दौरान बर्फ़ का बड़ा हिस्सा खिसक गया, जिससे पूरे अभियान को तत्काल अलर्ट मोड पर लाना पड़ा। हालांकि लद्दाख के अंदर जुलाई के महीने में आमतौर पर मौसम शुष्क होता है, लेकिन इस वर्ष जलवायु परिवर्तन के कारण भारी बारिश ने अभियान को प्रभावित किया। बताया कि चढ़ाई का अंतिम प्रयास 6349 मीटर की ऊंचाई तक सफल रहा, लेकिन सुरक्षा कारणों, मौसम की विकरालता और टीम की ज़िंदगी को प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ने का निर्णय नहीं लिया गया।

अनंत ने कहा कि यह पर्वतारोहण भले ही शिखर तक नहीं पहुंचा, लेकिन यह साहस, अनुशासन और जीवन के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक बनकर सामने आया। चूंकि प्रकृति बदल रही है और जलवायु परिवर्तन अब केवल किताबों की बात नहीं रह गयी है। पर्वतों पर भी इसका असर साफ दिखना शुरु हो गया है। अब जरूरत है कि सभी देशवासी पर्यावरण के प्रति अपनी गंभीर ज़िम्मेदारी निभाएं अन्यथा भविष्य का संकेत अच्छा नहीं है।



Post a Comment

Previous Post Next Post