सरसेना हत्याकांड में 25 हजार का इनामी आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल
करहां (मऊ) : चिरैयाकोट थानांतर्गत सरसेना हत्याकांड में वांछित 25 हजार रुपये का इनामी आरोपित नीरज उर्फ टाइगर को चिरैयाकोट पुलिस और स्वाट टीम ने गुरुवार की सुबह असलपुर पुलिया के पास मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के प्रेसनोट के अनुसार घेराबंदी के दौरान आरोपित ने तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग की। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सीएचसी रानीपुर भेजा गया।
पुलिस के अनुसार 23 अगस्त को जलालाबाद निवासी गोलू कुमार की बारात अमिरहा गांव आई थी। वहां नीरज उर्फ टाइगर, गोल्डी और अनीश कुमार के बीच मारपीट को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद को लेकर 14 सितंबर को अनीश कुमार अपने दोस्त गोल्डी के साथ बाइक से जालालाबाद से घर लौट रहा था। सरसेना पेट्रोल पंप के आगे काझा की तरफ पहले से घात लगाए आरोपितों ने बाइक को घेर लिया और योजनाबद्ध तरीके से अनीश को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में चिरैयाकोट थाने में इसके तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्याकांड का 25 हजार का इनामी नीरज उर्फ टाइगर रानीपुर की ओर से अपने घर जा रहा है। सूचना पर थानाध्यक्ष विजय प्रकाश मौर्य पुलिस टीम और स्वाट टीम प्रभारी संजय सरोज के नेतृत्व में टीम के साथ असलपुर पुलिया के पास पहुंचकर घेराबंदी कर इंतजार करने लगी। कुछ देर बाद बाइक से पहुंचे नीरज ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन बारिश के कारण बाइक समेत फिसलकर गिर गया। पुलिस से घिरा देख उसने तमंचे से जान से मारने की नीयत से फायर किया। जवाबी कार्रवाई में थानाध्यक्ष विजय प्रकाश मौर्य ने सरकारी पिस्टल से दो राउंड फायर किए, जिसमें एक गोली नीरज के बाएं पैर में लगी।
तमंचा, कारतूस व बाइक बरामद
पुलिस ने घायल आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक बरामद की। पुलिस के अनुसार नीरज के खिलाफ आजमगढ़ और गाजीपुर के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, जानलेवा हमले और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
यह पुलिस टीम रही शामिल
मुठभेड़ और गिरफ्तारी की कार्रवाई में थानाध्यक्ष विजय प्रकाश मौर्य, उपनिरीक्षक मुन्दू भारती, हेड कांस्टेबल बलिराम प्रसाद, हेड कांस्टेबल तुफान अली, कांस्टेबल विराट पटेल, अमरजीत, आशीष यादव तथा हेड कांस्टेबल चालक प्रमोद कुमार शामिल रहे। स्वाट टीम में प्रभारी संजय सरोज के साथ हेड कांस्टेबल विनोद कुमार सरोज, हेड कांस्टेबल धनंजय सिंह, हेड कांस्टेबल राकेश यादव (सर्विलांस सेल), कांस्टेबल अमरनाथ मौर्य, हेड कांस्टेबल विक्रम सिंह रघुवंशी, कांस्टेबल ज्ञानेंद्र पांडेय और हेड कांस्टेबल चालक कमलेश ठाकुर शामिल रहे।



Post a Comment