पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रैलर में घुसा भैंसों से भरा ट्रक, 3 व्यापारी घायल
करहां (मऊ) : पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रानीपुर के पास मंगलवार देर रात करीब 2 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बिहार के हाजीपुर से मवेशी खरीदकर मध्य प्रदेश के शोभनगर लौट रहे पशु व्यापारियों का ट्रक, एक्सप्रेसवे पर पहले से खड़े सरिया लदे खराब ट्रैलर से पीछे से जा टकराया। रफ्तार तेज होने और अंधेरा अधिक होने के कारण ट्रक चालक खड़े ट्रैलर को देख नहीं सका, जिससे टक्कर इतनी भीषण हुई कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के तुरंत बाद चालक और परिचालक घायलों को मौके पर ही छोड़ कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
इस दुर्घटना में ट्रक में सवार तीन पशु व्यापारी सतीश बघेल, जगदीश यादव और बबलू पाल गंभीर रुप से घायल हो गए, जबकि ट्रक में लदी दो भैंसों के पैर भी टूट गए। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों और यूपीडा की गश्ती टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला और इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
घटना की जानकारी मिलते ही रानीपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लिया और एक्सप्रेसवे पर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक और परिचालक की तलाश शुरु कर दी है, वहीं घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।


Post a Comment