पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा अनिल मद्धेशिया का शव, शवयात्रा में उमड़ा जनसैलाब; परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के करहां बाजार में मंगलवार अपराह्न उस समय मातमी सन्नाटा पसर गया, जब सोमवार को मठ गुरादरी स्थित पोखरे में डूबने वाले अनिल मद्धेशिया (55) का शव पोस्टमार्टम के बाद उनके पैतृक आवास पहुंचा। पार्थिव शरीर के पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे बाजार क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

उल्लेखनीय है कि सोमवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे अनिल मद्धेशिया सरोवर में स्नान करने गए थे, जहां गहरे पानी में जाने से वे हादसे का शिकार हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और पीएसी 36वीं वाहिनी रामनगर की टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब 10 घंटे 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद देर रात 09:37 बजे उनका शव बरामद किया जा सका था। पुलिस ने रात में ही शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
मंगलवार दोपहर बाद जैसे ही पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा, पत्नी कंचन मद्धेशिया और चारों बेटों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक अनिल मद्धेशिया शादी-विवाह में खाना बनाने का कार्य करते थे, जिसे अब उनके बेटे संभाल रहे थे। बाजार की एक छोटी सी दुकान से पूरे परिवार का गुजर-बसर होता था। उनके असमय चले जाने से चारों अविवाहित बेटों विशाल, विकास/बिट्टू, आकाश व विवेक और पत्नी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतक: अनिल मद्धेशिया चार भाइयों में सबसे बड़े थे। अन्य तीन भाई सुनील, मनोज और हरिओम मद्धेशिया हैं। पत्नी कंचन मद्धेशिया (50) पुत्र विशाल मद्धेशिया (30), विकास/बिट्टू (24), आकाश (22) व विवेक (21) हैं। शवयात्रा उठते ही पूरा करहां बाजार अनिल मद्धेशिया के अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़ा। शवयात्रा में स्थानीय दुकानदारों, ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों सहित भारी संख्या में जनसैलाब शामिल हुआ। हर किसी की आंखें नम थीं और सभी ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए नम आंखों से अनिल मद्धेशिया को अंतिम विदाई दी।
Post a Comment