विलय हुए सद्धोपुर प्राथमिक विद्यालय में तोड़फोड़, दी तहरीर
करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के देवसीपुर में विलय हो चुके प्राथमिक विद्यालय सद्धोपुर में रविवार देर शाम अराजकतत्वों द्वारा तोड़फोड़ की गई है। इसमें दिव्यांग शौचालय, स्नान घर व समर्सिबल कक्ष का दरवाजा, कार्यालय का ताला, लोहे की रेलिंग व विद्यालय परिसर की चहारदीवारी शामिल है। यहां तक कि चहारदीवारी को ट्रैक्टर के हल द्वारा क्षतिग्रस्त किया गया है। चूंकि यह विद्यालय मर्ज हो चुका है इसलिए यहां स्टाफ की अनुपस्थिति में उक्त तोड़फोड़ कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया है।
ग्रामीणों द्वारा सूचना पाकर ग्राम प्रधान देवंती देवी ने गांव के दो ज्ञात व व कुछ अज्ञात के विरुद्ध तहरीर दी है। इस सम्बंध में खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने भी मुकदमा दर्ज कराने की बात कही है।

Post a Comment