शैक्षिक उन्नयन संगोष्ठी में संयुक्त सचिव ने नेशनल एवार्डी शिक्षक को किया सम्मानित
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के सुरहुरपुर कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय में शनिवार को शिक्षक उन्नयन संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बेसिक शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव वेद प्रकाश राय ने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान संयुक्त सचिव ने नेशनल एवार्डी व राज्य योग पुरस्कार प्राप्त शिक्षक रामनिवास मौर्य को अंगवस्त्र व प्रतीक चिन्ह प्रदान कर अभिनंदन किया।
अपने संबोधन में वेद प्रकाश राय ने कहा कि अपनी प्रतिभा और क्षमता का सही जगह और सही तरीके से उपयोग करने वाले व्यक्ति का हर जगह सम्मान होता है। जिस व्यक्ति के अंदर शिक्षा के साथ संयम, संस्कार, कर्तव्यबोध और मधुर वाणी होती है, वह समाज का आदर्श शिक्षक बनता है। उत्तर प्रदेश के प्राथमिक शिक्षक और शिक्षा का अभियान पूरे देश में अग्रणी साबित हो रहा है। बच्चों को इस तरह की शिक्षा देने की जरूरत है, जो आगे आने वाले दिनों में इतिहास लिख सके। कहा कि जब तक हम अपनी जमीन से नहीं जुड़ेगे, तब तक आगे बढ़ने का मौका नहीं मिलेगा।
इस दौरान विशिष्ट अतिथि के रुप में मौजूद बलिया के बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि अपनी क्षमताओं का उपयोग कर देश के निर्माण में और आगे बढ़ाने में हमेशा प्रयास करना चाहिए। हम जिस भी क्षेत्र में और जहां भी हों अपने कर्म करते रहना चाहिए। खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने कहा कि शिक्षा हमें ज्ञान के अलावा संस्कार देती है और ऊर्जावान बनाती है। इसमें शिक्षक की भूमिका सबसे ऊपर है। कहा कि सरकार शिक्षा के प्रति काफी गंभीर है। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने की जरुरत है।
इसके पूर्व मुख्य अतिथि व अन्य गणमान्य अतिथियों के पहुंचने पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक शशि भूषण राय ने बैज, बुके, अंगवस्त्र, स्मृतिचिन्ह व माला-फूल प्रदान कर स्वागत किया।
इस मौके पर अनिल सिंह, विजय सिंह, प्रवीण राय, प्रतिमा राय, रंजीत राय, रमेश पांडेय, संजय राय, कुँवर अजीत प्रताप, वंशराज प्रसाद, सुनीता पांडेय, नरेश यादव, विनोद कुमार, साधना यादव, जिया तबस्सुम, शशिकांत, रामप्रवेश यादव, राजेश कुमार, सुमित राय आदि शाहिद सैकड़ो शिक्षक और ग्रामवासी उपस्थित रहे। संचालन एसआरजी अरविंद पांडेय व आभार प्रदर्शन शशिभूषण राय ने किया।






Post a Comment